वीणा की तान ने किया मंत्रमुग्ध

जागरण संवाददाता हल्द्वानी : संगीताचार्य पंडित चंद्रशेखर पंत का जयंती संगीत समारोह शनिवार को महात्मा

By Edited By: Publish:Sat, 28 Nov 2015 07:11 PM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2015 07:11 PM (IST)
वीणा की तान ने किया मंत्रमुग्ध

जागरण संवाददाता हल्द्वानी : संगीताचार्य पंडित चंद्रशेखर पंत का जयंती संगीत समारोह शनिवार को महात्मा गांधी इंटर कालेज में आयोजित किया गया। समारोह में शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य का शानदार संगम दिखा। बांसुरी की मधुर आवाज, मोहन वीणा की तान और तबले की थाप के साथ हारमोनियम ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

स्वर संगम संगीत संस्थान और राष्ट्रीय संगीत संगठन की ओर से आयोजित समारोह में नई पीढ़ी के शास्त्रीय संगीत कलाकारों ने उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का हुनर दिखाया। सरस्वती वंदना के बाद युवा बांसुरी वादक अमित जोशी की बांसुरी से ऐसी आवाज निकली कि हॉल में बैठे लोग मोहित हो गए। तबले पर उनका साथ सरोद उस्ताद स्मित तिवारी ने दिया। स्मित जितने मधुर राग सरोद से छेड़ते हैं, उतनी ही मधुर ताल तबले पर भी बजाते हैं। शास्त्रीय संगीत की शुरुआत प्रकाश पांडे ने राग पूरिया धनाश्री के साथ किया। झपताल और तीन ताल से उन्होंने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके बीएसएनएल के दिनेश चंद्र पंत ने ऐसी वीणा बजाई कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। समापन राग यमन में मोरि गगरी ना भरन दे और तराना की शानदार नृत्य प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इससे पहले पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र सिंह पाल ने शुभारंभ किया। इस दौरान मोहन सिंह बोरा, दिनेश चंद्र खुल्बे, नवीन चंद्र वर्मा, विनीता पांडे, आचार्य चंद्रशेखर तिवारी, हरीश चंद्र पंत, महात्मा गांधी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. एलडी पांडे समेत कई मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी