योगगुरु बाबा रामदेव बने किसान, बड़ी ही फुर्ती से काटी गेहूं की फसल

योग गुरु बाबा रामदेव एक कुशल किसान के रूप में नजर आए। बाबा ने पतंजलि के खेतों में जाकर गेहूं की फसल काटी।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Wed, 24 Apr 2019 05:01 PM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 08:28 PM (IST)
योगगुरु बाबा रामदेव बने किसान, बड़ी ही फुर्ती से काटी गेहूं की फसल
योगगुरु बाबा रामदेव बने किसान, बड़ी ही फुर्ती से काटी गेहूं की फसल

हरिद्वार, जेएनएन। योगगुरु बाबा रामदेव बुधवार को किसान के अवतार में नजर आए। बाबा ने पतंजलि के खेतों में पहुंचकर गेहूं की फसल काटी। साथ ही, संन्यासियों को फसल काटने की दीक्षा भी दी। एक आम किसान की तरह चुस्ती-फुर्ती से फसल काटते हुए बाबा रामदेव का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बटोर रहा है।

बाबा रामदेव ने बीते वर्ष 100 स्त्री-पुरुषों को संन्यास की दीक्षा दिलाई थी। इनमें सभी जाति वर्ग के स्त्री-पुरुष शामिल हैं। इन संन्यासियों के अलावा बाबा से जुड़े कई जीवनदायिनी (जिन्होंने अपना जीवन बाबा को समर्पित किया है) भी पतंजलि में रहते हैं। संन्यासी और जीवनदायिनी पतंजलि में रहकर योग और आध्यात्म के अलावा सेवा कार्यों से भी जुड़े हैं। इन दिनों पतंजलि के खेतों में भी गेहूं की फसल काटने का काम चल रहा है। 

बुधवार को संन्यासी खेतों में फसल काट रहे थे। तभी बाबा रामदेव भी खेत में पहुंच गए। बाबा ने संन्यासियों को गेहूं की फसल काटते देखा और अचानक एक संन्यासी के हाथ से दरांती लेकर फसल काटने लगे। बाबा ने तेजी से फसल काटते हुए संन्यासियों को बताया कि मुट्ठी में ज्यादा फसल नहीं पकड़नी चाहिए। इससे अंगुली कटने का खतरा रहता है। फसल काटने के बाद खेत में ठूंठ नहीं रहने चाहिए। बाबा ने जड़ से फसल काटकर दिखाते हुए बाकायदा संन्यासियों को इस बारे में समझाया। 

खेत में फसल काटते हुए बाबा रामदेव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। लोग बाबा को किसान के रूप में देखकर उनकी चुस्ती-फुर्ती की प्रशंसा कर रहे हैं। गौरतलब है कि बाबा रामदेव इससे पहले कई टीवी रियलिटी शो का हिस्सा बन चुके हैं। 

यह भी पढ़ें: धान का विकल्‍प बन रही है मक्‍के की खेती, पानी भी बच रहा, किसानों की अर्थिक सेहत भी सही

यह भी पढ़ें: उत्‍तराखंड में गंगा किनारे की 42 ग्राम पंचायतों में होगी जैविक कृषि, पढ़िए पूरी खबर

chat bot
आपका साथी