किसानों को बर्बाद करने का प्लान है कृषि बिल

सरकार की ओर से पारित कृषि बिल को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Sep 2020 04:02 PM (IST) Updated:Sat, 19 Sep 2020 04:02 PM (IST)
किसानों को बर्बाद करने का प्लान है कृषि बिल
किसानों को बर्बाद करने का प्लान है कृषि बिल

जागरण संवाददाता, रुड़की: सरकार की ओर से पारित कृषि बिल को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर आरोप लगाया कि यह बिल कानून बना तो किसानों को बर्बाद कर देगा। किसानों के साथ एक बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। आम आदमी पार्टी इस बिल का कभी समर्थन नहीं करेगी।

बीटीगंज स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रवक्ता महक सिंह सैनी ने कहा कि जब से कृषि सुधार के नाम पर भारत सरकार ने बिल प्रस्तुत किया है। पूरे देश का किसान डरा हुआ है। सरकार इस बिल को कानून का रूप देने जा रही है, लेकिन यह कानून किसानों के लिए काला कानून साबित होगा। उन्होंने कहा कि खेती को बहुराष्ट्रीय कंपनियों को सौंपे जाने की साजिश रची जा रही है। यह बिल पूरी तरह से किसान विरोधी है। आम आदमी पार्टी इस बिल का संसद से लेकर सड़क तक विरोध करेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष शारिक अफरोज ने कहा कि सरकार ने दावा किया था कि पांच साल में किसानों की आय दोगुनी की जाएगी लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। आज किसान बर्बाद है। देश में अन्नदाता आत्महत्या कर रहा है और प्रधानमंत्री मोर को दाना खिलाने में व्यस्त हैं। किसानों की समस्याओं से उनको कोई सरोकार नहीं है। जिलाध्यक्ष नरेंद्र चौधरी ने कहा कि हरियाणा के अंदर किसानों ने इसका विरोध किया तो सत्ता के नशे में चूर भाजपा ने लाठी-गोली से किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश की पर इस देश का किसान अब पूरी तरह से समझ चुका है कि केंद्र की भाजपा सरकार कुछ घरानों की सरकार है। देश के किसान, मजदूर, व्यापारी, दुकानदार एवं बेरोजगारों से उसको कोई सरोकार नहीं है। विधानसभा क्षेत्र प्रभारी सुनील सिघल ने कहा कि एनडीए की सहयोगी पार्टी की मंत्री ने ही इसे काला कानून बताते हुए इस्तीफा दे दिया है। इसलिए इस कानून का हर स्तर पर विरोध होगा।

chat bot
आपका साथी