कांग्रेस और भाजपा ने युवाओं का टटोला मन

विकासनगर विधानसभा चुनाव के दिन नजदीक हैं जिसके चलते विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में रंग दिखाई देने लगा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 Jan 2022 09:19 PM (IST) Updated:Mon, 17 Jan 2022 09:19 PM (IST)
कांग्रेस और भाजपा ने युवाओं का टटोला मन
कांग्रेस और भाजपा ने युवाओं का टटोला मन

जागरण संवाददाता, विकासनगर: विधानसभा चुनाव के दिन नजदीक हैं, जिसके चलते विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में रंग दिखाई देने लगा है। प्रमुख राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस ने फिलहाल अभी तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, लेकिन दावेदारों का पूरा फोकस युवाओं पर है। दोनों दलों के नेता इस बार नए जुड़े वोटरों में युवाओं की संख्या अधिक होने पर उनको लुभाना शुरू कर दिए है। वहीं आम आदमी पार्टी संगठन में सोमवार को असमंजस की स्थिति बन गई। जिलाध्यक्ष ने उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समर्थकों समेत पार्टी छोड़ दी। राजनीतिक दलों की इस सक्रियता से क्षेत्र में चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है।

--------------------

बैनर, पोस्टर जलाकर जताया आक्रोश

विकासनगर: विधानसभा चुनाव नजदीक होने से विभिन्न राजनीतिक दलों से दावेदारी कर रहे नेताओं में बेचैनी बढ़ने लगी है। कुछ दलों में असंतोष भी पनप रहा है। सोमवार को आम आदमी पार्टी के पछवादून जिलाध्यक्ष ने 102 समर्थकों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ पार्टी छोड़ दी। आप संयोजक अरविद केजरीवाल को भेजे पत्र में उन्होंने उपेक्षा का आरोप लगाया है। आक्रोशित पदाधिकारियों ने पार्टी के बैनर और पोस्टर जलाकर विरोध जताया। आप जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें पछवादून का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया था, किन्तु संगठन में जो भी नियुक्तियां हुई, उसमें उनसे कोई भी विचार विमर्श नहीं किया गया। उन्होंने प्रभारी, सह प्रभारी उत्तराखंड को समय-समय पर संगठन की समस्याओं और पार्टी हित में सुझाव दिए, लेकिन उनके किसी भी सुझाव पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने इस पर भी आपत्ति जताई कि मात्र एक क्षेत्र पंचायत सदस्य को प्रत्याशी बना दिया गया। पार्टी से इस्तीफा देने वालों में जिलाध्यक्ष के अलावा, विधानसभा उपाध्यक्ष, सहसचिव, अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ, अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ समेत अन्य कार्यकत्र्ता शामिल हैं।

अधिक से अधिक युवा करें मतदान: मुन्ना

विकासनगर: विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने अपने कैंप कार्यालय पर युवाओं से संवाद किया और उनका मन टटोला। उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मताधिकार का महत्व बताया। कहा कि मतदान कर अपनी पसंद के जनप्रतिनिधि चुनने का सुकून ही अलग है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए कहा। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने युवाओं को राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। विधायक ने युवाओं के सामने पांच वर्षों में उनकी ओर से कराए गए विकास कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि कोरोना काल में एनसीसी कैडेट व अन्य कोरोना योद्धाओं ने जिस तरह कार्य किया वह सराहनीय है। इस मौके पर लक्ष्मी, रितेश, हर्ष, आशीष, सुजाता, मनीष, सचिन, मोहित जैन, सुरेंद्र चौहान, मनीष चतुर्वेदी, सौरभ उनियाल, भूपेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।

युवा ही देश के भविष्य: नवप्रभात

विकासनगर: पूर्व काबीना मंत्री नवप्रभात ने युवाओं व एनएसयूआइ कार्यकत्र्ताओं से संवाद किया। पूर्व विधायक ने कहा कि युवा ही देश के भविष्य हैं। इस बार नए जुड़े युवा पहली बार वोट देंगे। युवाओं को यह देखना होगा कि वह किसे वोट दे रहे हैं। युवाओं की समस्या हल करने वाले व विकास करने वाले को, या सिर्फ आश्वासन देने वालों को। युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मतदान करना चाहिए और अपना मनपसंद प्रत्याशी चुनना चाहिए। इस मौके पर सचिन, हुकुम, धीरज, फरमान, शानू, शराफत, मनु, राहुल, विशाल, निषाद, रोहित, मोहन, अजय, जमशेद, सोहन, शुभम, कमल, जुबेर, किशन, विजय, सादिक, मोहित, आशीष भंडारी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी