क्‍या भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं कांग्रेस वरिष्‍ठ नेता किशोर उपाध्याय, रात के अंधेरे में हुई इस मुलाकात ने गर्मा दी राजनीति

उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के रात के अंधेरे में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री और चुनाव प्रभारी से मुलाकात की। इसने राजनीति को गर्मा दिया है। इससे कांग्रेस असहज नजर आ रही है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Wed, 05 Jan 2022 10:29 AM (IST) Updated:Wed, 05 Jan 2022 10:29 AM (IST)
क्‍या भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं कांग्रेस वरिष्‍ठ नेता किशोर उपाध्याय, रात के अंधेरे में हुई इस मुलाकात ने गर्मा दी राजनीति
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। विधानसभा चुनाव के मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के रात के अंधेरे में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री और चुनाव प्रभारी से मुलाकात ने राजनीति को गर्मा दिया है। इससे कांग्रेस भी असहज नजर आ रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ऐसी किसी संभावना से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि किशोर उपाध्याय भाजपा जैसी सांप्रदायिक पार्टी में जाएंगे, ऐसा नहीं लगता।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने बीती रात्रि भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार से उनके फ्लैट में मुलाकात की थी। इस मौके पर वहां केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद किशोर उपाध्याय के भाजपा में जाने की अटकलें तेज हो गईं थीं। दरअसल, किशोर बीते दिनों भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी से मुलाकात कर चुके हैं। भाजपा नेताओं के साथ उनकी मुलाकात के बाद उनके कांग्रेस छोड़ने की चर्चा शुरू हो जाती है।

हालांकि, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भाजपा में जाने की चर्चा को अफवाह करार दे चुके हैं। बीते रोज बयान जारी कर उन्होंने कहा था कि वह वनाधिकार आंदोलन पर सबका सहयोग लेने में जुटे हैं। इस संबंध में उन्हें किसी भी राजनीतिक दल के साथ बातचीत में गुरेज नहीं है। वह उत्तराखंड के सरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुहिम चला रहे हैं। किशोर के इस स्पष्टीकरण के बावजूद कांग्रेस खुद को असहज पा रही है तो इसकी वजह भी है। किशोर की मुलाकात भाजपा संगठन के प्रतिनिधियों से हुई है। संगठन के कोर ग्रुप में शामिल नेताओं से दिन के बजाय रात्रि में हुई मुलाकात ने प्रदेश का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। दरअसल भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों में चुनाव के मौके पर एक-दूसरे के दिग्गज नेताओं को अपने पाले में लाने की होड़ लगी है।

इस संबंध में संपर्क करने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किशोर उपाध्याय का बचाव किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के विचारों में पार्टी की नीतियां कूट-कूट कर भरी हुई हैं। साथ ही उनका दृष्टिकोण भी सभी व्यक्तियों को समभाव से देखने का है। ऐसे में वह भाजपा जैसी सांप्रदायिक पार्टी को ज्वाइन करेंगे, उन्हें विश्वास नहीं है। यही नहीं उन्होंने किशोर उपाध्याय के इस संबंध में दिए गए बयान का हवाला भी दिया।

यह भी पढ़ें:- क्या उत्तराखंड कांग्रेस के ये बड़े नेता भाजपा में हो रहे हैं शामिल, एक मुलाकात से चर्चाओं ने पकड़ा जोर

chat bot
आपका साथी