उत्तराखंड कांग्रेस को मुख्य वार रूम सक्रिय होने का इंतजार, जानिए क्या है पार्टी का दावा

Uttarakhand Election 2022 कांग्रेस के वार रूम को बड़े नेताओं के मिल-बैठने का इंतजार है। प्रदेश कार्यालय में पार्टी का वार रूम बना भी है और इसे तकनीक से लैस भी किया गया है लेकिन टिकट तय होने के बाद ही यह पूरी तरह सक्रिय हो पाएगा।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Sat, 15 Jan 2022 11:44 AM (IST) Updated:Sat, 15 Jan 2022 11:44 AM (IST)
उत्तराखंड कांग्रेस को मुख्य वार रूम सक्रिय होने का इंतजार, जानिए क्या है पार्टी का दावा
Uttarakhand Election 2022: उत्तराखंड कांग्रेस को मुख्य वार रूम सक्रिय होने का इंतजार। जागरण आर्काइव

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Election 2022 उत्तराखंड में कांग्रेस के वार रूम को बड़े नेताओं के मिल-बैठने का इंतजार है। प्रदेश कार्यालय में पार्टी का वार रूम बना भी है और इसे तकनीक से लैस भी किया गया है, लेकिन टिकट तय होने के बाद ही यह पूरी तरह सक्रिय हो पाएगा। वर्तमान में हालत यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष हरीश रावत समेत पार्टी के बड़े नेता जहां सिर जोड़कर बैठ रहे हैं, वही जगह वार रूम की तरह काम कर रही है।

प्रदेश में टिकटों को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस के मुख्य वार रूम की भूमिका भाजपा के चुनाव प्रचार के जवाबी आक्रमण के साथ क्षेत्रवार आवश्यक जानकारी जुटाने पर अधिक केंद्रित रही है। इसके अतिरिक्त दिग्गज नेताओं की बैठकों व चुनाव कार्यक्रमों तक यह सिमटा रहा है। जिन क्षेत्रों में सत्तारूढ़ दल ने चुनाव प्रचार के लिए अभियान चलाया तो वहां कांग्रेस ने तुरंत इसकी काट के लिए शक्ति लगाई। केंद्रीयकृत तरीके से वार रूप अभी काम शुरू नहीं कर पाया है। माना जा रहा है कि टिकट तय होने के बाद वार रूम रणनीति तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करेगा।

77 क्षेत्रीय वार रूम का है दावा

हालांकि पार्टी ने मुख्य वार रूम को सक्रिय करने में भले ही देरी की, लेकिन क्षेत्रीय स्तर पर इन्हें सक्रिय करने का दावा किया जा रहा है। गढ़वाल के लिए देहरादून और कुमाऊं के लिए हल्द्वानी, पांच संसदीय क्षेत्रों और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र समेत कुल 77 छोटे वार रूम इस वक्त काम कर रहे हैं।

इंटरनेट मीडिया वार रूम सक्रिय

उत्तराखंड में सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी कांग्रेस हर मोर्चे पर फूंक-फूंक कर कदम आगे बढ़ा रही है। क्षेत्रीय वार रूम से मिल रहे फीडबैक को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के रणनीतिकारों से साझा किया जा रहा है। मुख्य वार रूम के साथ ही इंटरनेट मीडिया वार रूम को भी संबद्ध किया जा रहा है। यह वार रूम सक्रिय है और इसमें करीब 80 व्यक्तियों की मदद ली जा रही है।

वर्चुअल रैली-चुनाव अभियान की रणनीति बनाएंगे

टिकट तय होने के बाद वार रूम में नेताओं की सक्रियता दिखाई देगी। कोरोना की वजह से चुनावी सभाओं और रैलियों पर प्रतिबंध है। ऐसे में वर्चुअल रैली, डिजिटल चुनाव अभियान के साथ ही इनके प्रसारण की रणनीति वार रूम ही तैयार करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि क्षेत्रीय स्तर पर वार रूम अपना काम प्रारंभ कर चुके हैं। प्रदेश कार्यालय में पूरी क्षमता के साथ यह जल्द काम प्रारंभ करेगा।

यह भी पढ़ें- चुनाव से ठीक पहले उत्तराखंड कांग्रेस का लग सकता है झटका, भाजपा में शामिल हो सकता है ये बड़ा चेहरा

chat bot
आपका साथी