संगठन के खिलाफ मोर्चा खोलने पर छात्र नेता ओम कक्कड़ अभाविप से निष्कासित

वरिष्ठ छात्र नेता ओम कक्कड़ को उनकी संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के कारण तत्काल प्रभाव से अभाविप से निष्कासित कर दिया गया है।

By BhanuEdited By: Publish:Mon, 02 Sep 2019 09:36 AM (IST) Updated:Mon, 02 Sep 2019 09:36 AM (IST)
संगठन के खिलाफ मोर्चा खोलने पर छात्र नेता ओम कक्कड़ अभाविप से निष्कासित
संगठन के खिलाफ मोर्चा खोलने पर छात्र नेता ओम कक्कड़ अभाविप से निष्कासित

देहरादून, जेएनएन। डीएवी पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले संगठन के नेताओं पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। वरिष्ठ छात्र नेता ओम कक्कड़ को उनकी संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के कारण तत्काल प्रभाव से संगठन से निष्कासित कर दिया गया है।

अभाविप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कौशल कुमार ने करनपुर स्थित अभाविप के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निष्कासन की कार्रवाई के बाद उनका अभाविप से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं रहेगा। कहा कि प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव की सरगर्मियां जारी हैं। 

कहा कि डीएवी पीजी कॉलेज में ऐसा संज्ञान में आया कि कुछ पूर्व कार्यकर्ता संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं। इस प्रकार की किसी भी गतिविधि को संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। संगठन के विरोधी कार्यों में संलिप्त कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

विदित हो कि ओम कक्कड़ के अलावा डीएवी के तीन छात्र संघ अध्यक्ष जिनमें वर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र बिष्ट और दो पूर्व अध्यक्ष शुभम सिमल्टी व राहुल लारा अपने समर्थकों के साथ पिछले दो महीने से बागी तेवर अपनाए हुए हैं। अभाविप से नाराज धड़े ने निखिल शर्मा को डीएवी कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष का उम्मीदवार भी घोषित कर दिया है। दो दिन पहले अभाविप ने सागर तोमर को बतौर अध्यक्ष मैदान में उतारा है। 

अभाविप और विरोधी गुट के बीच छिड़ी वर्चस्व की लड़ाई सोशल मीडिया में भी छायी हुई है। अब अभाविप के संगठन स्तर से बागियों पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। पिछले 12 सालों से डीएवी पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अध्यक्ष पद बादशाहत बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें: उत्‍तराखंड में सभी जगह नौ सिंतबर को होंगे छात्र संघ चुनाव  

इस बार भी संगठन के लिए आधा दर्जन से अधिक पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रचार कर रहे हैं। इस मौके पर अभाविप के संगठन मंत्री कल्याण चौहान, छात्र संघ कार्य प्रमुख संकेत नौटियाल, डॉ. डीके शाही, रमाकांत श्रीवास्तव, शानू मिश्रा आदि मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में छात्र संघ चुनाव को लेकर स्पष्ट नहीं हो पाई स्थिति

डीबीएस में मोहन प्रसाद अध्यक्ष उम्मीदवार

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने डीबीएस पीजी कॉलेज में बीएससी पांचवें सेमेस्टर के छात्र मोहन प्रसाद को अध्यक्ष पद का दावेदार घोषित कर दिया है। कॉलेज के वर्तमान अध्यक्ष मनबीर सिंह व जिला संयोजक सानू मिश्रा ने बताया कि अन्य पदों के प्रत्याशी सोमवार को संगठन की बैठक के बाद घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की भांति अभाविप इस बार भी एकजुटता के साथ कॉलेज में चुनाव लड़ेगी।

यह भी पढ़ें: एनएसयूआइ ने किया सीएम आवास कूच, आधे घंटे तक पुलिस के साथ हुई झड़प

chat bot
आपका साथी