सीएम त्रिवेंद्र बोले, जनता में विश्वास पैदा करने में सरकार सफल

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार करीब चार माह में जनता में विश्वास पैदा करने में सफल रही है। जनता भी इस बात को समझ रही है

By BhanuEdited By: Publish:Sat, 29 Jul 2017 11:48 AM (IST) Updated:Sat, 29 Jul 2017 08:49 PM (IST)
सीएम त्रिवेंद्र बोले, जनता में विश्वास पैदा करने में सरकार सफल
सीएम त्रिवेंद्र बोले, जनता में विश्वास पैदा करने में सरकार सफल

देहरादून, [राज्य ब्यूरो] मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में जो हताशा थी, उसे दूर करते हुए भाजपा सरकार करीब चार माह में जनता में  विश्वास पैदा करने में सफल रही है। आज जनता इस बात को समझ रही है कि यह सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ है, सत्ता दलालों से मुक्त है और लंबी सोच के साथ काम कर रही है। 

भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के चौथे सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश में 'सीएम डेस्क' व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसमें फाइलों की स्थिति कोई भी देख सकेगा। यहां तक कि फाइलों को लाइव ट्रेक किया जा सकेगा और जनता भी उस पर टिप्पणी कर सकेगी। 

उन्होंने कहा कि सचिवालय से लेकर जिलों तक बॉयोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था लागू हो रही है। सरकार विकासखंड व तहसील तक वीडियो कान्फ्रेंसिंग लागू करने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य के वित्तीय संसाधनों को बढ़ाने के प्रयासों का जिक्र करते हुए केंद्र की सहायता से शुरू की गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सड़क, रेल, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, पर्यटन आदि क्षेत्रो में हो रहे कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 2019 तक प्रदेश के सभी गांव सड़क से जोड़ दिए जाएंगे और सभी का विद्युतीकरण कर दिया जाएगा। 

सौर ऊर्जा के लिए अमेरिका की फर्म से हुए समझौते का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सोलर ब्रीफकेस के माध्यम से देश में पहली बार उत्तराखंड में नई शुरुआत हो रही है। इस ब्रीफकेस के माध्यम से सबसे पहले केदारनाथ में विद्युतीकरण किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि मसूरी के लिए मोनो रेल चलाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विदेशी निवेश के अनेक प्रस्ताव मिल रहे है। इस बात को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष दिसंबर में निवेशकों का सम्मेलन राज्य में आयोजित किया जाएगा।

समापन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट् ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सत्र में प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू भी उपस्थित थे। महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने महानगर कार्यकताओं का परिचय कराया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार ने जन प्रतिनिधियों को विशेष जानकारियां दी। प्रशिक्षण प्रभारी ज्योति गैरोला, प्रशिक्षण प्रमुख मनोज पाठक, महेंद्र भट्ट व कैलाश पंत भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: परिवारवाद की नहीं, परिवारभाव की पार्टी है बीजेपी: रामलाल

यह भी पढ़ें: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव बोले, भारत अब नहीं सॉफ्ट स्टेट 

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में भाजपा के लिए विधायकों का एडजस्टमेंट बना चुनौती

chat bot
आपका साथी