आइसोलेशन वार्ड में घुसे नेताजी, इतने दिन तक किए गए क्वारंटाइन

कांग्रेसी नेता सूर्यकांत धस्माना और राजपुर रोड विधायक खजान दास आइसोलेशन वार्ड में जा पहुंचे। सूर्यकांत धस्माना को घर पर ही 14 दिन के लिये क्वारंटाइन कर दिया गया है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Tue, 17 Mar 2020 09:15 AM (IST) Updated:Tue, 17 Mar 2020 09:15 AM (IST)
आइसोलेशन वार्ड में घुसे नेताजी, इतने दिन तक किए गए क्वारंटाइन
आइसोलेशन वार्ड में घुसे नेताजी, इतने दिन तक किए गए क्वारंटाइन

देहरादून, जेएनएन। एक ओर राज्य सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम में जुटी है, अभी भी कई स्तर पर सिस्टम लापरवाह दिख रहा है।स्थिति ये कि सत्तापक्ष और विपक्ष, दोनों के ही नेता नियम दरकिनार कर रहे हैं। सोमवार को दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में ऐसी ही चूक सामने आई। संदिग्ध मरीजों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कांग्रेसी नेता सूर्यकांत धस्माना और राजपुर रोड विधायक खजान दास आइसोलेशन वार्ड में जा पहुंचे। इस दौरान कुछ लोग भी तस्वीरें खींचने के लिए वार्ड में घुस गए। जबकि स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन में साफ कहा गया है कि आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की देखभाल कर रहे चिकित्सकों, नर्स व अन्य स्टाफ को ही जाने की अनुमति है। वह भी मुंह में हाई क्वालिटी मास्क पहनकर व अन्य सुरक्षात्मक उपायों के साथ ही वार्ड में जा सकते हैं। बहरहाल, शाम होते-होते इस मुद्दे का राजनीतिकरण हो गया। कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना को घर पर ही 14 दिन के लिये क्वारंटाइन कर दिया गया है।

कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना अस्पताल पहुंचने पर सबसे पहले आपातकालीन वार्ड में पहुंचे। वहां ड्यूटी में तैनात चिकित्सकों से कोरोना की जांच की व्यवस्था के बारे में बात की। अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद धस्माना आइसोलेशन वार्ड में चले गए। राज्य सरकार पर आरोप लगाते कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में जिस स्तर की तैयारियां होनी चाहिएं, वह नहीं हैं।

पिछले साल भी डेंगू फैलने के दौरान राज्य की जनता का अनुभव बहुत बुरा रहा। देहरादून सहित राज्यभर में कई लोगों की जान डेंगू से गई। कहा कि कोरोना संक्रमण से पार पाने के लिए डॉक्टर व स्टाफ की पूरी टीम 24 घंटे अस्पताल में तैनात रहनी चाहिए। आइसोलेशन वार्ड में वेंटिलेटर की संख्या भी अधिक होनी चाहिए। वहीं, भाजपा विधायक खजानदास भी सोमवार को अस्पताल पहुंचे।मास्क सैनिटाइजर आदि की जानकारी लेने के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी देखी। कहा कि वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है। इस दौरान वह उस वार्ड में भी गए जहां कोरोना संदिग्ध मरीज भर्ती हैं।शाम को उन्होंने खुद यह बात स्वीकार की।पर रात होते-होते इस बात से मुकर गए।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि मैंने बाहरी कक्ष में ही नर्सिंग स्टाफ से मरीजों की जानकारी ली। सत्तापक्ष के विधायक भी आइसोलेशन वार्ड में गए थे। मुझे क्वारंटाइन किया गया तो एहतियातन उन्हें भी निगरानी में रखा जाए। खजान दास (राजपुर रोड विधायक) का कहना है कि मैं कोरोना पीडित मरीज से नहीं मिला। बल्कि कोरोना संदिग्ध मरीजों का हाल-चाल जाना। प्रतिबंधित कक्ष में मैं नहीं गया। डीएम डा आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना को अगले 14 दिन तक घर पर ही क्वारंटाइन किया गया है।वह स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रहेंगे।विधायक के आइसोलेशन वार्ड में जाने की जानकारी नहीं है।

यह भी पढ़ें: कोरोना सरकार का प्रपंच, जारी रहेगी जनरल ओबीसी कार्मिकों की हड़ताल 

कोरोना पर भी राजनीति कर रही कांग्रेस-मुन्ना सिंह चौहान

कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना के आइसोलेशन वार्ड में जाने पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि कांग्रेस अपनी पुरानी आदत, असंवेनशीलता व सस्ती राजनीति से पीछे नहीं हट रही। पूरा विश्व जानता है कि इस बीमारी में मरीज के साथ ही अन्य लोगों को भी अत्याधिक सावधानी बरतनी चाहिए। पर कांग्रेस नेता ने आइसोलेशन वार्ड में जाकर सुरक्षा चेन को तोड़ा है। अन्य जनमानस के लिए भी संक्रमण का खतरा पैदा कर दिया है। अगर उन्हें मरीजों के स्वास्थ्य का इतना ही ख्याल है तो वह अस्पताल प्रशासन से इस संदर्भ में वार्ता कर सकते थे। राजपुर रोड विधायक के कोरोना संदिग्ध मरीजों से मिलने पर कहा कि वह आइसोलेशन वार्ड में नहीं गए। उन्होंने बस तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।

यह भी पढ़ें: विधानसभा सत्र गैरसैण में होगा या दून में, कैबिनेट लेगी निर्णय

chat bot
आपका साथी