Uttarakhand Election: चुनाव में रंग जमाएगी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की टीम

उत्‍तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए ज्‍यादा समय नहीं है। भाजपा के लिए विधानसभा चुनाव प्रतिष्‍ठा का प्रश्‍न है। पिछली बार भाजपा ने 57 सीटें जीती थी। राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की टीम अपने कार्य में जुट गई हैं।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 07:05 AM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 07:05 AM (IST)
Uttarakhand Election: चुनाव में रंग जमाएगी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की टीम
राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतर चुकी भाजपा अब किसी भी स्तर पर कोई कोर-कसर छोड़ने के पक्ष में नहीं है। फिर चाहे वह राजनीतिक गतिविधियों की मानीटरिंग हो अथवा चुनावी दृष्टिकोण से की जाने वाली बयानबाजी, सभी पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की निगाह है। इस कड़ी में पार्टी ने तीन राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की ड्यूटी उत्तराखंड में लगाई है। इनमें से एक राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह को तो प्रदेश सह चुनाव प्रभारी का जिम्मा भी सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की टीम अपने कार्य में जुट गई है।

आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न भी है। पिछली बार पार्टी ने विधानसभा की 70 में से 57 सीटें जीतकर इतिहास रचा था। यह राज्य के राजनीतिक इतिहास में किसी भी दल को मिला सबसे बड़ा बहुमत है। अब पार्टी के सामने फिर यह ऐसा ही प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। इसी के दृष्टिगत पार्टी ने चुनाव के लिए बिसात भी बिछाई है। पार्टी की रीति-नीति के साथ ही केंद्र व राज्य सरकारों की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। बूथ स्तर की सभी इकाइयों को सक्रिय किया गया है। इसके साथ ही पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी चुनावी अभियान पर निरंतर नजर रखे हुए हैं।

राजनीतिक गतिविधियों की मानीटरिंग के साथ ही चुनावी दृष्टिकोण से सही संदेश जनता के बीच जाए और बेहतर समन्वय से कार्य हो, इसके लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह, नूपुर शर्मा व राजीव जेटली की ड्यूटी उत्तराखंड में लगाई है। आरपी सिंह के पास चुनाव सह प्रभारी का जिम्मा भी है। तीनों ही प्रवक्ताओं को पूर्व में विभिन्न राज्यों के चुनाव का अनुभव है। राष्ट्रीय प्रवक्ता यह भी सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी की ओर से जो भी बात जाए, वह एकदम सही हो। प्रदेश स्तर से होने वाली बयानबाजी में कहीं ऐसा कुछ न हो, जिससे विपक्ष को बोलने का मौका मिले। वे इस बात को लेकर भी समन्वय करेंगे कि विपक्ष के किस बयान पर प्रतिक्रिया दी जानी है और किसे ठंडे बस्ते में डाला जाना है।

प्रवक्ताओं का कार्य पर्दे के पीछे रहकर सभी राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही केंद्रीय व प्रांतीय नेतृत्व के मध्य सेतु का काम करना भी है। वे यहां की सभी गतिविधियों की मानीटरिंग कर अपनी रिपोर्ट केंद्र एवं प्रांतीय नेतृत्व को सौंपगे और उन्होंने यह कार्य शुरू भी कर दिया है।

सरदार आरपी सिंह (राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सह चुनाव प्रभारी) ने कहा कि चुनाव की दृष्टि से कार्य बदल जाता है। चुनाव के मद्देनजर प्रदेश की टीम के साथ मिलकर राजनीतिक गतिविधियां कैसे और बेहतर हों, आपस में तालमेल ठीक हो, इन्हीं सब कार्यों के मद्देनजर राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की टीम ने जिम्मेदारी संभाल ली है। राजनीतिक गतिविधियों की निरंतर मानीटरिंग हो रही है। पार्टी का चुनाव अभियान बेहतर ढंग से चल रहा है। आने वाले चुनाव में पार्टी फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।

यह भी पढ़ें:- सत्ता के गलियारे से: युवा उत्तराखंड, युवा मुख्यमंत्री, तो टीम भी युवा

chat bot
आपका साथी