असंतोष को लेकर रावत-बहुगुणा में गुफ्तगू

By Edited By: Publish:Thu, 31 Jul 2014 01:00 AM (IST) Updated:Thu, 31 Jul 2014 01:00 AM (IST)
असंतोष को लेकर रावत-बहुगुणा में गुफ्तगू

राज्य ब्यूरो, देहरादून

उपचुनाव में जीत दर्ज कर चुकी कांग्रेस में अंदरूनी कलह फिर सतह पर है। असंतुष्ट खेमे के आधा दर्जन से ज्यादा विधायकों ने दूसरे दिन भी बुधवार सुबह मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के आवास पर बैठक कर तमाम महत्वपूर्ण पदों के बंटवारे में गुटीय संतुलन कायम करने को जरूरी करार दिया। बैठक में दो काबीना मंत्रियों ने भी शिरकत की। इस बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने मुख्यमंत्री हरीश रावत से उनके आवास पर मुलाकात की। बहुगुणा ने पार्टी को मजबूत करने को विधायकों की भावना का सम्मान करने पर जोर दिया। दोनों नेताओं के बीच तकरीबन आधा घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

पार्टी में सियासी संतुलन साधने के लिए असंतुष्ट खेमे ने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर दबाव बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के आवास पर लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह पार्टी में असंतुलन से खफा विधायकों ने बैठक की। बैठक में विधायक नवप्रभात, सुबोध उनियाल, शैलेंद्र सिंघल, विजयपाल सजवाण, विक्रम सिंह नेगी, उमेश शर्मा काउ और राजकुमार के साथ ही काबीना मंत्री हरक सिंह रावत व प्रीतम सिंह भी मौजूद रहे। विधायकों ने पार्टी की स्थिति में सुधार और उसे स्थायी रूप से मजबूत बनाने के लिए कुछ बिंदुओं पर चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक विधायकों ने पार्टी के भीतर संतुलन गड़बड़ाने का मुद्दा भी उठाया। तकरीबन एक घंटा चली बैठक में उन्होंने कहा कि असंतुलन रहते हुए पार्टी धरातल पर मजबूत नहीं हो सकेगी। यही नहीं विधायकों ने इन बिंदुओं पर चर्चा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को अधिकृत किया। विधायकों के साथ बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने सुबह करीब सवा दस बजे मुख्यमंत्री हरीश रावत से उनके आवास पर मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक बहुगुणा ने विधायकों की ओर से रखे गए बिंदुओं पर मुख्यमंत्री रावत के साथ चर्चा की। इस मौके पर काबीना मंत्री प्रीतम सिंह भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पार्टी हित में हर मुमकिन कदम उठाने का भरोसा जताया। तकरीबन आधा घंटा मुलाकात के बाद बहुगुणा मुख्यमंत्री आवास से रवाना हो गए। उन्होंने इस मुलाकात को सामान्य बताया। बुधवार शाम चार बजे पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा नई दिल्ली रवाना हो गए।

chat bot
आपका साथी