स्टार वार को भाजपा तैयार

By Edited By: Publish:Fri, 18 Apr 2014 01:01 AM (IST) Updated:Fri, 18 Apr 2014 01:01 AM (IST)
स्टार वार को भाजपा तैयार

राज्य ब्यूरो, देहरादून

मौका चुनाव का है, सो किसी को नाराज नहीं कर सकते। समाज के हर तबके का साथ जरूरी है, तभी चुनावी वैतरणी पार लगेगी। उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची कुछ यही बयां कर रही है। गुरुवार को जारी यह सूची हर वर्ग के मतदाताओं को रिझाने के हिसाब से तैयार की गई है। यही नहीं, राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं की संख्या के बीच भी संतुलन साधने का प्रयास किया गया है। 40 स्टार प्रचारकों की सूची में 21 राष्ट्रीय स्तर और 19 प्रदेश स्तर के नेता हैं।

उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के लिए जारी सूची पर नजर दौड़ाएं तो हर वर्ग के मतदाताओं को रिझाने के लिहाज से तैयार की गई है। दरअसल, उत्तराखंड के सामाजिक ताने-बाने में लगभग सभी वर्गाें के वोटर हैं। इसी हिसाब से पार्टी नेताओं के नाम तय किए गए हैं, जो हर समुदाय के लोगों की नब्ज पर हाथ रखेंगे। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी तो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे ही, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, भाजपा के पितामह कहे जाने वाले लालकृष्ण आडवाणी समेत पार्टी के पूर्व अध्यक्षों समेत अन्य बड़े नेता चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

प्रदेश स्तर के प्रचारकों की बात करें तो इसमें तीन पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी व रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, हाल में पार्टी में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल महाराज समेत अन्य नेताओं के नाम सूची में हैं।

भाजपा के स्टार प्रचारक

राष्ट्रीय स्तर

लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, नरेंद्र मोदी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, मुरली मनोहर जोशी, वैंकया नायडू, नितिन गडकरी, रामलाल, शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे सिंधिया, डा.रमन सिंह, मुख्तार अब्बास नकवी, रविशंकर प्रसाद, अनंत कुमार, उमा भारती, हेमा मालिनी, नवजोत सिंह सिद्धू, स्मृति इरानी, शाहनवाज हुसैन व जनरल वीके सिंह।

राज्य स्तर

तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक, सतपाल महाराज, त्रिवेंद्र सिंह रावत, मोहन सिंह रावत गांववासी, मनोहरकांत ध्यानी, बची सिंह रावत, हरबंस कपूर, बालेश्वर पाल, खजानदास, मदन कौशिक, सुरेश राठौर, बलराज पासी, नरेश बंसल, प्रकाश पंत व संजय कुमार।

chat bot
आपका साथी