शादी से पहले दुल्हन ने दिया वन आरक्षी का पेपर

अब लड़कियां भी शादी से पहले अपने कॅरियर को तरजीह देने लगी है। एक लड़की ने शादी से पहले दी परीक्षा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 16 Feb 2020 10:59 PM (IST) Updated:Mon, 17 Feb 2020 06:16 AM (IST)
शादी से पहले दुल्हन ने दिया वन आरक्षी का पेपर
शादी से पहले दुल्हन ने दिया वन आरक्षी का पेपर

जागरण संवाददाता, बागेश्वर: अब लड़कियां भी शादी से पहले अपने कॅरियर को तरजीह देने लगी हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला जिला मुख्यालय में। शादी से पहले दुल्हन ने वन आरक्षी की परीक्षा दी। पेपर देकर लौटने के बाद उसने शादी का जोड़ा पहना। यह पूरा मामला दिन भर चर्चा का विषय बना रहा।

रविवार को खोली निवासी प्रकाश की शादी नदीगांव की आशा के साथ थी। शादी के दिन ही आशा का वन आरक्षी का पेपर भी था। उसका सरस्वती शिशु मंदिर में परीक्षा केंद्र था। घर में सभी लोग शादी की तैयारी में लगे हुए थे। लेकिन आशा लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई थी। घर वालों ने उसको पेपर ना देने की भी सलाह दी। आशा ने हिम्मत नहीं हारी। वह बारात की तैयारी छोड़ सुबह साढ़े नौ बजे वन आरक्षी का पेपर देने के लिए घर से रवाना हो गई। लिखित परीक्षा दोपहर एक बजे तक थी। खोली से बराती बरात लेकर लड़की के घर पहुंच गए। बाद में उन्हें पता चला कि वह तो पेपर देने गई हुई है। बरात घर पहुंचने से पहले ही आशा भी घर पहुंच गई। अब उसकी दूसरी परीक्षा देने की तैयारी थी। उसने तुरंत दुल्हन का जोड़ा पहन लिया और तैयार हो गई। इस बीच करीब आधा घंटा बरात को इंतजार करना पड़ा। अंत में शादी भी विधि-विधान के साथ पूरी हुई। आशा इस परीक्षा में अच्छी तरह से पास हो गई। उम्मीद है कि वह वन आरक्षी की परीक्षा में भी सफल रहेगी।

chat bot
आपका साथी