International Women's Day 2021 : शिव तांडव स्त्रोत के लिए काशी पहुंचीं महिलाएं, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर असि घाट पर होगी प्रस्‍तुति

महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को शिव-शक्ति की नगरी काशी में शिव आराधना के आस्थाभरे स्वर गूंजेंगे। विभिन्न राज्यों की नारीशक्ति महादेव की आराधना को सुरों से सजाएंगी। तैयारी गई है कि लगभग 1000 महिलाएं गंगा घाट पर शिव तांडव स्त्रोत की लयबद्ध प्रस्तुति करें।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 09:10 AM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 11:55 AM (IST)
International Women's Day 2021 : शिव तांडव स्त्रोत के लिए काशी पहुंचीं महिलाएं, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर असि घाट पर होगी प्रस्‍तुति
शिव आराधना के लिए महिलाओं ने अभ्यास किया।

वाराणसी, जेएनएन। महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को शिव-शक्ति की नगरी काशी में शिव आराधना के आस्थाभरे स्वर गूंजेंगे। विभिन्न राज्यों की नारीशक्ति महादेव की आराधना को सुरों से सजाएंगी। तैयारी गई है कि लगभग 1000 महिलाएं गंगा घाट पर शिव तांडव स्त्रोत की लयबद्ध प्रस्तुति करें। इसके लिए महिलाओं ने शनिवार को सेमी अभ्यास किया और फाइनल अभ्यास रविवार की शाम को जंगमबाड़ी मठ में किया जाएगा।

यह आयोजन मुंबई की संस्था 'फाउंडेशन फॉर होलिस्टिक डेवलपमेंट इन एकेडमिक फील्ड की ओर से किया जा रहा है। सोमवार को शाम पांच बजे असि घाट पर इसका आयोजन किया जाएगा। वहीं नौ मार्च को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह छह बजे महिलाएं शिव तांडव स्त्रोत की प्रस्तुति देंगी। इस दौरान अलौकिक, आध्यात्मिक संयोजन व शब्द प्रसार से वातावरण में अद्भुत शक्ति का संचार होगा। संस्था की चेयरपरसन माधुरी सहस्रबुद्धे ने बताया कि 1000 महिलाएं काशी में शिव तांडव स्त्रोत की प्रस्तुति देंगी। इसके लिए कई दिनों से अभ्यास किया जा रहा है। प्रस्तुति के समय महिलाएं हाथ में घी के दीये भी लिए रहेंगी।

जागरूकता मार्च व प्रभात फेरी निकली जाएगी

तैयारी परखने के लिए रविवार को मंडल महिला कल्याण संगठन वाराणसी की अध्यक्ष मनीषा पंजियार की टीम वाराणसी सिटी स्टेशन पर टिकट जांच और यात्री सहायता केंद्र का संचालन करेंगी। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से महिला अधिकारों के प्रति एक जागरूकता मार्च व प्रभात फेरी निकली जाएगी।

मिशन शक्ति के तहत वीडीए में बना महिला हेल्प डेस्क

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से दो दिन पूर्व विकास प्राधिकरण प्रशासन ने भी मिशन शक्ति के तहत शनिवार को वीडीए कार्यालय परिसर में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किया गया। महिला अधिकारों के लिए सदैव सजग रहने वाली वीडीए वीसी ईशा दुहन ने इसकी औपचारिक शुरुआत की। वीडीए की हेल्प डेस्क पर ही अब महिलाओं की सुविधा के लिए अलग हेल्प डेस्क बनाया गया है, जहां महिलाएं वीडीए से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत को दर्ज करा सकेंगी। वीसी ईशा दुहन ने बताया कि महिला हेल्प डेस्क पर पूनम रावत की ड्यूटी लगाई गई है। यहां महिलाएं अपनी समस्याओं व शिकायतों को बिना किसी हिचक दर्ज करा सकेंगी। वीडीए तत्काल शिकायतों पर एक्शन लेगा।

chat bot
आपका साथी