साइको किलर कर रहा महिलाओं की हत्या, कत्ल और शव ठिकाने लगाने के तरीके में बेहद समानता

एक ही इलाके की दो महिलाओं का बेरहमी से कत्ल। दोनों ही बुजुर्ग थीं। घर के पास से दोनों लापता हो गई थीं। हत्या और शव ठिकाने लगाने का तरीका भी समान।

By Vandana SinghEdited By: Publish:Tue, 04 Jun 2019 04:21 PM (IST) Updated:Tue, 04 Jun 2019 07:47 PM (IST)
साइको किलर कर रहा महिलाओं की हत्या, कत्ल और शव ठिकाने लगाने के तरीके में बेहद समानता
साइको किलर कर रहा महिलाओं की हत्या, कत्ल और शव ठिकाने लगाने के तरीके में बेहद समानता

वाराणसी, जेएनएन। एक ही इलाके की दो महिलाओं का बेरहमी से कत्ल। दोनों ही बुजुर्ग थीं। घर के पास से दोनों लापता हो गई थीं। हत्या और शव ठिकाने लगाने का तरीका भी  समान। उन्हें किसी गाड़ी में जबरन ले जाया गया था। किसी से रंजिश का भी पता नहीं चला। तो क्या यह किसी मानसिक रोगी अपराधी यानी साइको किलर का कारनामा है जिसके निशाने पर बुजुर्ग महिलाएं हैं। पुलिस यही मानकर चल रही है। पूरे इलाके में पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में सक्रिय किया गया है। इलाके के लोगों से भी मदद ली जा रही है।

दुर्गावती देवी से पहले मंडुआडीह की 55 वर्षीय चंपा देवी का कत्ल हो गया था। 15 मई को थाने के सामने गली में रहने वाले फल विक्रेता विनोद सोनकर की मां चंपा देवी बहू से झगड़े के बाद घर से निकलीं तो लौटी नहीं। तीसरे रोज घर से दूर फुलवरिया के पास खाली स्थान पर बोरी में उनकी लाश मिली। शरीर पर पिटाई के जख्म थे। जलाने या तेजाब डालने का भी निशान था। पुलिस ने हत्याकांड में करीबियों पर शक जाहिर किया पर अब तक कुछ भी नतीजा नहीं निकला।

चंपा देवी के बाद अब मंडुआडीह के ही सरकारीपुरा की दुर्गावती देवी का कत्ल हो गया। वह भी घर के पास से गायब हो गई थीं और बाद में उनका शव रोहनिया में नहर किनारे मिला। इन दोनों हत्याकांड में बेहद समानता है। घर के पास से उन्हें अगवा किया गया, किसी स्थान पर ले जाकर हत्या की गई, शवों पर तेजाब डालने के बाद बोरी में भरकर सुनसान में फेंक दिया गया। ये दोनों ही बुजुर्ग महिलाएं हैं जिनकी घर-परिवार या आसपास किसी से कोई खुन्नस नहीं थी। घटना में समानता से पुलिस को संदेह है कि यह किसी साइको किलर यानी मनोरोगी की क्रूरता है। अनुमान है कि इस साइको किलर के पास छोटी कार है जिसमें वह दोनों महिलाओं को बैठाकर किसी स्थान पर ले गया, उनकी हत्या की, फिर शव को बोरी में भरकर फेंक दिया।

चेक किए जा रहे सीसीटीवी फुटेज

- दुर्गावती देवी की हत्या के बाद पुलिस ने संभावित साइको किलर की तलाश तेज कर दी है। सरकारीपुरा से रोहनिया के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। आसपास के लोगों से भी बात की जा रही है जिससे कुछ सुराग मिल सके। लोगों से हुलिया की जानकारी मिलने पर स्केच तैयार किया जाएगा। सीओ भेलूपुर अनिल कुमार ने बताया कि कातिल को दबोचने के लिए पुलिस की दो विशेष टीम गठित की गई है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी