सोनभद्र के जंगलों में काटे गए वृक्षों की जगह लगाए जाएंगे एक लाख पौधे, पांच जुलाई से आगाज

सोनभद्र में एक से सात जुलाई तक मनाए जाने वाले वन महोत्सव के तहत अब तक काटे गए वृक्षों की जगह एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। सोनांचल में हरियाली व प्राण वायु को बल देने के लिए एक करोड़ पांच लाख पौधे लगाने की कार्ययोजना बनी है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Fri, 01 Jul 2022 03:00 PM (IST) Updated:Fri, 01 Jul 2022 03:00 PM (IST)
सोनभद्र के जंगलों में काटे गए वृक्षों की जगह लगाए जाएंगे एक लाख पौधे, पांच जुलाई से आगाज
सोनभद्र जिले में जंगलों को हरा भरा करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

सोनभद्र, जागरण संवाददाता। अबकी एक से सात जुलाई तक मनाए जाने वाले वन महोत्सव के तहत अब तक काटे गए वृक्षों की जगह एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं सोनांचल में हरियाली व प्राण वायु को बल देने के लिए एक करोड़ पांच लाख पौधे लगाने की कार्ययोजना बनाई गई है। इस योजना को मूर्तरूप देने के लिए वन विभाग समेत 25 विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पिछले वर्ष की तुलना में 12 लाख अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। इस वर्ष एक करोड़ पांच लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। गत वर्ष 93 लाख पौधे रोपित किए गए थे।

पौधरोपण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। विभागवार लक्ष्य का निर्धारण कर दिया गया है। जगह-जगह गड्ढे भी खोदे जा रहे हैं। जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को इस पर गंभीरता से कार्य करने और समय से गड्ढा खोदाई का कार्य पूर्ण करा लेने का निर्देश दिया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, बिहार व झारखंड की सीमा से सटा जिला जंगलों व पहाड़ों से घिरा हुआ है। यहां तमाम औद्योगिक कल कारखाने हैं तो खनन उद्योग भी है। इसके अलावा अन्य छोटे मोटे उद्याेग हैं। ऐसे में जिले को प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए प्रशासन की ओर से समय-समय पर प्रयास किया जाता है। सरकार ने जिले को हरा भरा रखने और प्रदूषण से मुक्त करने के लिए इस बार एक करोड़ पांच लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

पौधारोपण कार्यक्रम

05 जुलाई 7560000 पौधे
06 जुलाई 735000 पौधे
07 जुलाई 735000 पौधे
15 अगस्त 1470000 पौधे

सोनभद्र वन प्रभाग को 10 लाख 88 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है। ओबरा व रेणुकूट वन प्रभाग को 14-14 लाख, कैमूर वन प्रभाग को तीन लाख 50 हजार का लक्ष्य दिया गया है। इस तरह सिर्फ वन विभाग को 42 लाख पौधे लगाने हैं। इसके अलावा करीब 63 लाख पौधे अन्य विभागों को लगाने हैं, जिसमें जिले की 629 ग्राम पंचायतें भी शामिल हैं।

बोले अधिकारी : पिछले वर्ष राबर्ट्सगंज वन प्रभाग में 11 लाख पौधे लगाए गए थे। इनमें आठ लाख 50 हजार पौधे जिंदा है। ढाई लाख पौधे विभिन्न कारणों से नष्ट हो गए। इस बार पौधारोपण का लक्ष्य पूरा करने के बाद उन्हें बचाए रखने की कवायद प्राथमिकता पर की जाएगी। इस माह प्रथम सप्ताह में 86 फीसद पौधा लगा देना है जबकि स्वतंत्रता दिवस पर 14 फीसद पौधरोपण किया जाएगा। - संजीव सिंह,प्रभागीय वनाधिकारी, सोनभद्र।

chat bot
आपका साथी