आम्रपाली एक्सप्रेस से यात्री को फेंका, घायल

जागरण संवाददाता, उन्नाव : सफर में यात्रियों को महफूज करने का दावा खोखला साबित हो रहा है

By JagranEdited By: Publish:Sat, 14 Jul 2018 05:21 PM (IST) Updated:Sat, 14 Jul 2018 05:21 PM (IST)
आम्रपाली एक्सप्रेस से यात्री को फेंका, घायल
आम्रपाली एक्सप्रेस से यात्री को फेंका, घायल

जागरण संवाददाता, उन्नाव : सफर में यात्रियों को महफूज करने का दावा खोखला साबित हो रहा है। शुक्रवार देर रात आम्रपाली एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक यात्री को कुछ अज्ञात लोगों ने फेंक दिया। डाउन ट्रैक किनारे यात्री खून से लथपथ कई घंटे तक बेहोश पड़ा रहा। परिचालन कंट्रोल की सूचना पर उन्नाव स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ को घटना की जानकारी दी। '108' की मदद से यात्री को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

राजकुमार (40) पुत्र राम मनी निवासी बेला चिनई जिला मोतिहारी (बिहार) दिल्ली से बिहार आम्रपाली एक्सप्रेस से आ रहा था। वह ट्रेन के जनरल कोच में सवार था। ट्रेन के कानपुर सेंट्रल से रवाना होने के बाद कुछ यात्रियों से उसकी सीट को लेकर बहस हो गई। ट्रेन के उन्नाव स्टेशन पर ठहरने पर विवाद और बढ़ गया। उन्नाव से ट्रेन के छूटने के बाद सोनिक से पहले पोल संख्या 24/12 के पास उसे ट्रेन से नीचे फेंक दिया। घटना शुक्रवार रात करीब ढाई बजे की है। घटना का पता लगते ही परिचालन कंट्रोल ने तत्काल आरपीएफ कंट्रोल की मदद लेते हुए उन्नाव व सोनिक स्टेशन मास्टर को खबर की। ट्रेन से यात्री को फेंके जाने की सूचना से सुरक्षा जवानों के कान खड़े हो गए। फौरन '108' एंबुलेंस से घायल यात्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। ट्रेन से यात्री को फेंके जाने की घटना पर पर्दा डालते हुए रेलवे पुलिस ने घटना को दूसरी दिशा में मोड़ा है। सुरक्षा जवानों का कहना था कि यात्री ट्रेन से गिर गया है। सूचना मिलने के बाद उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।

chat bot
आपका साथी