गोआश्रय केंद्र में अव्यवस्था पर सचिव निलंबित, तीन को प्रतिकूल प्रविष्टि

सीडीओ को निरीक्षण में खामियां मिलीं। गोवंश को सूखा और बिना काटा गया पुआल खाने को दिया जा रहा था।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Jan 2021 12:06 AM (IST) Updated:Wed, 06 Jan 2021 12:06 AM (IST)
गोआश्रय केंद्र में अव्यवस्था पर सचिव निलंबित, तीन को प्रतिकूल प्रविष्टि
गोआश्रय केंद्र में अव्यवस्था पर सचिव निलंबित, तीन को प्रतिकूल प्रविष्टि

सुलतानपुर : सप्ताहभर पूर्व दैनिक जागरण में सचित्र प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेकर भदैंया के सौंराई गांव में स्थित गोआश्रय केंद्र का सोमवार देर शाम मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर सीडीओ ने पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर तीन अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अतुल वत्स के निरीक्षण में गोआश्रय स्थल में काफी कमियां पाई गईं। गोवंश को सूखा और बिना काटा गया पुआल खाने को दिया जा रहा था। हरे चारा का आश्रय स्थल पर कहीं नामोनिशान तक नहीं था। इतना ही नहीं आश्रय स्थल पर किसी भी पशु को ठंड से बचने के लिए जूट के बोरों की व्यवस्था नहीं की गई थी। गंदगी तथा उठ रही दुर्गंध के निराकरण के लिए भी कोई उपाय वहां नहीं दिखे। साथ ही दर्जनों कुत्ते आश्रय केंद्र में गोवंश के बीच मौजूद पाए गए। गोआश्रय केंद्र पर फैली अनियमितता पर गुणवत्तायुक्त त्वरित निराकरण के निर्देश दिए तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन नहीं किए जाने के फलस्वरूप सौंराई ग्राम विकास अधिकारी राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी क्रम में तीन अन्य अधिकारियों को भी प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान करते हुए उनसे जवाब तलब किया गया है।

तालाब का किया निरीक्षण :

बालमपुर स्थित तालाब के सुंदरीकरण कार्य को भी मुख्य विकास अधिकारी ने देखा। निरीक्षण के बाद कार्य में कमियों को सुधारने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। निरीक्षण के समय खंड विकास अधिकारी भदैंया राममिलन वर्मा, पंचायत अधिकारी संतोष पाल व एडीओ आइएसबी राजेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी