आचार संहिता के उल्लंघन में फंसे झारखंड के पूर्व मंत्री

जागरण संवाददाता कोन (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के कई गांवों में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रच

By JagranEdited By: Publish:Thu, 27 Jan 2022 06:04 PM (IST) Updated:Thu, 27 Jan 2022 06:04 PM (IST)
आचार संहिता के उल्लंघन में फंसे झारखंड के पूर्व मंत्री
आचार संहिता के उल्लंघन में फंसे झारखंड के पूर्व मंत्री

जागरण संवाददाता, कोन (सोनभद्र) : स्थानीय थाना क्षेत्र के कई गांवों में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के दौरान आदर्श आचार संहिता व कोविड गाइड लाइन के उल्लंघन का मामला सामने आया है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत महिपाल लाकड़ा की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में झारखंड के भवनाथपुर के वर्तमान विधायक व पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, भाजपा कोन मंडल के अध्यक्ष सुनील जायसवाल के खिलाफ नामजद व कई अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोन थाना के प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव ने मुकदमा होने की पुष्टि की है। यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार जोरों पर है। हालांकि निर्वाचन आयोग ने किसी तरह की रैली व जनसभा करने पर रोक लगाया है। बावजूद कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिश्री, बागेसोती व रामगढ़ में चुनाव प्रचार भीड़ इकट्ठा किया जा रहा था। भाजपा के कोन मंडल अध्यक्ष ने जगह-जगह लोगों को इकट्ठा किया था, जबकि झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व भवनाथपुर के वर्तमान विधायक भानु प्रताप शाही लोगों के बीच जाकर भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसकी जानकारी होने पर कोन के एडीओ पंचायत महिपाल लाकड़ा मौके पर पहुंच गए। वहां उन्होंने नजारा देख पूरे मामले में कोन थाने में तहरीर दी। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही व मंडल अध्यक्ष सुनील जायसवाल के खिलाफ आदर्श आचार संहिता व कोविड गाइड लाइन उल्लंघन के मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।

इसके अलावा पुलिस ने कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। कोन थाना के प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि आदर्श आचार संहिता व कोविड के नियमों का उलंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

chat bot
आपका साथी