फसलों को चट कर जा रहे घड़रोज

By Edited By: Publish:Sun, 31 Aug 2014 08:42 PM (IST) Updated:Sun, 31 Aug 2014 08:42 PM (IST)
फसलों को चट कर जा रहे घड़रोज

मीरजापुर : सूखे से मुरझाई फसलों की सिंचाई के जुगाड़ में लगे किसानों की उम्मीदों पर घड़रोज पानी फेर दे रहे हैं। झुंड में विचरण कर रहे जंगली जानवर जिनके खेत में घुसते हैं उसे बर्बाद कर आगे बढ़ते हैं। इनका नदी नालों, बगीचों व सुनसान स्थानों पर डेरा रहता है। शाम ढलते ही ये सिवान की तरफ रूख कर लेते हैं फिर तो सब्जी की फसल से लेकर अरहर, धान, बाजारा, मक्का तक की फसलों को चट कर जा रहे हैं।

परेशान हाल किसान जिला प्रशासन से घड़रोजों से मुक्ति दिलाने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन प्रशासनिक स्तर पर न तो इन्हें पकड़ने की व्यवस्था हो रही है और न ही इनके सफाए का आदेश दिया जा रहा है। बैंकों से कर्ज लेकर दिन रात खून पसीना बहाकर खेती करने वाले किसान उजड़ती फसलों को देखकर रोने लग रहे हैं। सिटी विकास खंड के बेदौली, मवैया, रामचंद्र पुर, पथरा दसौली आदि गांवों में दिन में भी घड़रोजों को विचरण करते देखा जा सकता है। वन विभाग चाहे तो उन्हें आसानी से पकड़कर जंगलों में छोड़ सकता है लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

क्षेत्र के किसान अंजनी नंदन पांडेय ने कहा कि समस्या को लेकर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा जाएगा। इसके बाद भी सार्थक पहल नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी