शोपीस बना काऊ कैचर, भटक रहे बेसहारा पशु

नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही से व्यापारी व नागरिक परेशान।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Apr 2019 11:22 PM (IST) Updated:Fri, 26 Apr 2019 06:27 AM (IST)
शोपीस बना काऊ कैचर, भटक रहे बेसहारा पशु
शोपीस बना काऊ कैचर, भटक रहे बेसहारा पशु

महोली (सीतापुर) : बेसहारा गोवंशों को पकड़कर गोशाला में रखे जाने के दिशा-निर्देश हवा हवाई साबित हो रहे हैं। बेसहारा गोवंशों को पकड़कर गोशाला भेजने के लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा करीब 15 लाख रुपये की लागत से खरीदा गया काऊ कैचर वाहन नगर पंचायत कार्यालय परिसर में खड़ा है और बेसहारा गोवंश एनएच 24 पर आतंक मचाए हुए हैं। नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही से नगर के व्यापारी और नागरिक परेशान हैं।

नगर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंशों को स्थाई तौर पर रखे जाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा करीब सवा दो करोड़ रुपए की लागत से कान्हा पशु आश्रय स्थल का निर्माण किया गया। इतना ही नहीं गोवंशों को पकड़ने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने कई माह पहले करीब 15 लाख रुपए की लागत से काऊ कैचर भी खरीदा था। लेकिन ये काऊ कैचर गोवंश न पकड़कर नगर पंचायत कार्यालय की शोभा बढ़ा रहा है। बेसहारा गोवंश एन-24 पर दौड़ भाग कर नगरवासियों और व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। बेसहारा गोवंशों के चलते न सिर्फ राहगीर चोटिल हो रहे हैं बल्कि लोगों को खाने-पीने की सामग्री लेकर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपू गुप्ता ने व्यापारियों का सामूहिक हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र एसडीएम को भेजकर बेसहारा गोवंश पकड़वाने की गुहार लगाई है।

chat bot
आपका साथी