कांग्रेसियों को ही पता नहीं कौन हैं जावेद अंसारी

By Edited By: Publish:Wed, 27 Aug 2014 10:06 PM (IST) Updated:Wed, 27 Aug 2014 10:06 PM (IST)
कांग्रेसियों को ही पता नहीं कौन हैं जावेद अंसारी

सीतापुर : कांग्रेस के जिला और शहर अध्यक्ष के नामों की घोषणा क्या हुई, सीतापुर के जिला कांग्रेस में भूचाल आ गया। बुधवार को पूरा दिन कांग्रेसियों के फोन घनघनाते रहे। कांग्रेसी एक-दूसरे को फोन कर जिलाध्यक्ष के बारे में जानकारी लेते रहे। हर काग्रेसी यह जानने की कोशिश में लगा रहा कि आखिर नव नियुक्त जिलाध्यक्ष जावेद अंसारी कौन हैं? बुधवार को पूरे दिन मीडिया कर्मी भी इसी पड़ताल में लगे रहे कि आखिर कांग्रेस का यह नया चेहरा कौन है?

सनद रहे कि सीतापुर के जिलाध्यक्ष के पद पर जावेद अंसारी की नियुक्ति हुई है, जबकि शहर अध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी एक बार फिर से विनीत दीक्षित को सौंपी गई है। इससे पूर्व जावेद अंसारी कभी भी राजनीति में सक्रिय नहीं दिखे। कांग्रेस के कार्यक्रमों में वह कब अपनी सहभागिता दी इससे कांग्रेस के लोग ही अनजान है। अचानक एक छिपा हुआ नाम किस तरह से जिलाध्यक्ष के पद तक पहुंच गया, यह पूरे दिन कांग्रेसियों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

बताते चले कि जावेद अंसारी कांग्रेस के पूर्व मंत्री स्व.आबिद अली अंसारी के पुत्र हैं। कांग्रेस सूत्रों की माने तो जावेद अंसारी के वालिद जरूर कांग्रेसी थे, लेकिन जावेद अंसारी कभी भी कांग्रेस के सदस्य नहीं रहे। सूत्रों का यह भी कहना है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां और विधान सभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस को जिला और शहर अध्यक्ष के पदों पर एक ब्राम्हण और एक मुस्लिम चेहरे की तलाश थी। शहर अध्यक्ष विनीत दीक्षित के पिछले कार्यकाल को देखते हुए उन्हें एक बार फिर मौका दिया गया। जिलाध्यक्ष के पद कार्यवाहक शहर अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम अंसारी, फरहत बेग सनी और हाजी जलीस के नामों पर प्रदेश स्तर पर चर्चा हुई, लेकिन हाजी जलीस ने जिलाध्यक्ष के दायित्वों के निर्वाहन से स्वयं को दूर रखने का आग्रह किया, इसके अलावा शेष दोनों नामों पर प्रदेश स्तर पर सहमति नहीं बन सकी। इधर प्रदेश कांग्रेस एक ऐसे चेहरे की तलाश में था, जो विवाद रहित हो, ऐसे में एक कांग्रेसी ने जावेद अंसारी का नाम सुझाया और सक्रिय राजनीति से दूर कांग्रेस की सदस्यता तक न लेने वाले जावेद अंसारी को कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बना दिया गया।

इनसेट

क्या कहते हैं कांग्रेसी

'जावेद अंसारी कांग्रेसी हैं, वह पूर्व में जिला कमेटी के महामंत्री रहे हैं। पार्टी कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता रहती है।

- हरीश बाजपेयी, प्रदेश कोषाध्यक्ष व पूर्व एमएलसी'

'नव नियुक्त जिलाध्यक्ष मेरे द्वारा सदस्य नहीं बनाए गए हैं। मैं इनके बारे में जानता भी नहीं हूं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जो ठीक लगा वह किया।

- मुनेश्वर रावत, निवर्तमान जिलाध्यक्ष'

'नव नियुक्त जिलाध्यक्ष की सदस्यता के बारे में ठोस जानकारी तो नहीं है, लेकिन सदस्य जरूर होंगे, यह राजनीति में सक्रिय नहीं रहे, यह सच है।

- अशोक सिंह मुन्ना, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष'

chat bot
आपका साथी