बहनों ने सजाई भाई की कलाई पर प्यार की राखी

उल्लास के साथ मनाया गया रक्षा बंधन पर्व

By JagranEdited By: Publish:Tue, 04 Aug 2020 10:40 PM (IST) Updated:Tue, 04 Aug 2020 10:40 PM (IST)
बहनों ने सजाई भाई की कलाई पर प्यार की राखी
बहनों ने सजाई भाई की कलाई पर प्यार की राखी

संवादसूत्र, श्रावस्ती : भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पूरे जिले में सोमवार को पारंपरिक तरीके से उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध कर उनके दीर्घायु होने की कामना की तो भाइयों ने भी बहनों को सुरक्षा का वचन दिया। इस दौरान भाइयों ने बहनों को उपहार भी भेंट किए।

पर्व को लेकर बाजारों में भी सुबह से ही रौनक बनी रही। राखियों व मिठाइयों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ बनी रही। बहनों ने घरों में विधि विधान से पूजन-अर्चन के भाई का तिलक किया। मिष्ठान खिलाने के बाद कलाई राखी सजाई। भाइयों ने उपहार भेंट कर बहनों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान लोगों ने मंदिरों में भी पहुंच कर पूजा-अर्चन कर भगवान को रक्षासूत्र सर्मिपत किया और परिवार समेत सुरक्षा की कामना की। राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ की ओर से भिनगा नगर के सरस्वती शिशु मंदिर में रक्षाबंधन पर्व पर कार्यक्रम आयोतजित किया गया। इस दौरान स्वंय सेवकों ने भगवा ध्वज को रक्षासूत्र बांध कर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रार्थना किया। मौजूद लोगों ने एक दूसरे को एक-दूसरे को भी रक्षासूत्र बांधा। जिला प्रचारक जीतेंद्र ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व हमें समाज में भाईचारे के साथ रहने व आवश्यकता पड़ने पर एक दूसरे का सहयोग करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवक अपने कर्तव्य पथ पर और मजबूत संकल्प के साथ आगे बड़ें। समाज में गरीब व कमजोर वर्ग के लोगों की सेवा में कोई कसर न बरतें। इस मौके पर जिला संघ चालक बाबूराम गुप्ता, आशीष आर्य आदि मौजूद रहे। भिनगा नगर के दहाना तिराहे पर स्थित वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की कलाई पर वृद्धाश्रम के मैनेजर संदीप यादव ने राखी बांध कर उन्हें मिठाई खिलाई। त्योहार के मद्देनजर आश्रम में वृद्धजनों के लिए पकवान बनाकर भोजन में परोसा गया।

chat bot
आपका साथी