हाइवे पर चलती बस में महिला से छेड़खानी

मुजफ्फरपुर से दिल्ली जा रही प्राइवेट बस के चालक ने महिला के साथ छेड़खानी का प्रयास किया। महिला ने जब विरोध किया तो चालक और कंडक्टर महिला तथा उसके पति को रात में 12 बजे खलीलाबाद में हाइवे के किनारे उतारकर बस लेकर फरार हो गए। घटना बुधवार रात की है। बदहवास दंपती ने 100 नंबर डायल किया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Apr 2019 11:48 PM (IST) Updated:Fri, 05 Apr 2019 06:27 AM (IST)
हाइवे पर चलती बस में महिला से छेड़खानी
हाइवे पर चलती बस में महिला से छेड़खानी

संतकबीर नगर : मुजफ्फरपुर से दिल्ली जा रही प्राइवेट बस के चालक ने महिला के साथ छेड़खानी का प्रयास किया। महिला ने जब विरोध किया तो चालक और कंडक्टर महिला तथा उसके पति को रात में 12 बजे खलीलाबाद में हाइवे के किनारे उतारकर बस लेकर फरार हो गए। घटना बुधवार रात की है। बदहवास दंपती ने 100 नंबर डायल किया। नतीजा यह हुआ कि पुलिस टीम ने बस्ती में बस को रोक लिया और आरोपित को धर दबोचा।

बिहार के मुजफ्फरपुर से निजी बस में सवार होकर दिल्ली में रहने वाले दंपती रवाना हुए। महिला को अस्थमा की शिकायत थी और बस में यात्री ठूंसकर भरे गए थे। उसे असहज हुआ तो वह गोरखपुर के पास आगे केबिन में चली आई। इसी दौरान चालक ने छेड़छाड़ का प्रयास किया, महिला ने विरोध जताया। चालक व परिचालक ने हाइवे पर नेदुला बाईपास के पास उतार दिया। रात में ही महिला व उसके पति ने 100 नंबर पर डायल किया तो डायल 100 के हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने तुरंत ही लखनऊ कंट्रोल रूम को फोन किया। हाइवे पर चल रही डायल 100 की टीम को अलर्ट किया गया और बस्ती टोल प्लाजा पर बस रोक ली गई। आरोपित को खलीलाबाद भेजा गया। सुबह महिला को होटल से कोतवाली बुलाया गया। बाद में ड्राइवर ने महिला से माफी मांग ली तथा बस मालिक के प्रतिनिधि भी पहुंचे। महिला ने भी उसे माफ कर दिया।

पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने कहा कि इस मामले में डायल 100 की टीम ने काफी सक्रियता से काम किया। आरोपित को भी बुलाया गया था। बाद में दोनों पक्षों के लोग बैठे। महिला ने उसे माफ कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता कराकर वापस भेज दिया गया।

chat bot
आपका साथी