देश की नामी कंपनियों ने दिखाई स्मार्ट सिटी में रुचि

स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) के लिए निविदा से पहले सोमवार को देशभर की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिग का आयोजन सर्किट हाउस में किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Nov 2019 10:22 PM (IST) Updated:Tue, 19 Nov 2019 06:11 AM (IST)
देश की नामी कंपनियों ने दिखाई स्मार्ट सिटी में रुचि
देश की नामी कंपनियों ने दिखाई स्मार्ट सिटी में रुचि

सहारनपुर,जेएनएन। स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) के लिए निविदा से पहले सोमवार को देशभर की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिग का आयोजन सर्किट हाउस में किया गया।

मीटिग में विप्रो, टाटा, एलएनटी, डैल, सिस्को, एनईसी व शाहपुरजी सहित देश की 50 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। स्मार्ट सिटी व नगर निगम की ओर से नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, स्मार्ट सिटी डायरेक्टर सुशील पुंडीर, नोडल ऑफिसर आलोक श्रीवास्तव, जीएम जलकल ए एन उपाध्याय आदि शामिल रहे।

सभी कंपनियों से आइसीसीसी के संबंध में आमंत्रित निविदा को लेकर सुझाव मांगे गए। सभी कंपनियों के प्रतिनिधि सहारनपुर स्मार्ट सिटी के लिए कार्य करने हेतु काफी उत्साहित थे। स्मार्ट सिटी व निगम अधिकारियों ने कंपनियों की शर्तों के बारे में जानकारी ली तो साथ ही अपनी शर्तों से भी उन्हें अवगत कराया। उक्त निविदाओं के संबंध में दो महीने तक कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। तत्तपश्चात करीब नौ महीने में कमांड कंट्रोल सेंटर को कार्यशील कर दिया जाएगा, और विभिन्न सेवाओं को उससे जोड़ दिया जायेगा।

नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को विश्वास दिलाया कि यदि वे सहारनपुर स्मार्ट सिटी के साथ कार्य करने आते हैं तो उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। हमारे स्मार्ट सिटी चेयरमैन का दृष्टिकोण बहुत सकारात्मक है। आपको एनओसी आदि के लिए भी कोई कठिनाई नहीं होगी। डायरेक्टर सुशील पुंडीर ने कहा कि हम एक वर्ष के भीतर हर हाल में कमांड कंट्रोल सेंटर को पूरा कर स्मार्ट सिटी के तहत शुरू होने वाली समस्त सेवाओं को उससे जोड़ना चाहते हैं। सहारनपुर प्रदेश का सबसे शांत और व्यवहारिक जनपद है। उन्होंने कंपनियों से आह्वान किया कि वे यहां काम करने के लिए आएं, उन्हें बहुत अच्छा माहौल मिलेगा। सभी कंपनी प्रतिनिधियों ने उनकी बात विस्तार से सुनने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के लिए नगर निगम व स्मार्ट सिटी अधिकारियों का आभार जताया।

chat bot
आपका साथी