रोडवेज बसों के संचालन से यात्रियों को मिली राहत

By Edited By: Publish:Fri, 01 Aug 2014 09:15 PM (IST) Updated:Fri, 01 Aug 2014 09:15 PM (IST)
रोडवेज बसों के संचालन से यात्रियों को मिली राहत

सहारनपुर: क‌र्फ्यू में शाम तक मिली ढील तथा रोडवेज बसों के संचालन से यात्रियों को खासी राहत मिली है। परिवहन निगम ने तकरीबन सभी मार्गो पर बसों का संचालन शुरु कर दिया है।

शुक्रवार की सुबह 10 से ही तकरीबन सभी मार्गो पर रोडवेज बसों का संचालन शुरु हो गया था। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार मार्ग पर तो बसों का संचालन पहले ही शुरु कर दिया गया था। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर, देवबंद, गंगोह, शामली आदि मार्गो पर भी बसों के चलने से यात्रियों को खासी राहत मिली है। यहीं नहीं पिछले 6 दिन से सूने पड़े अंबाला रोड बस स्टैण्ड से भी बसों का संचालन शुरु हो गया है। देवबंद मुजफ्फरनगर, नकुड़ गंगोह आदि के लिए यहीं से बसों का संचालन दिनभर जारी रहा। रोडवेज की बसों में आम दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को भी यात्रियों की कमी रही।

प्राइवेट बसें भी लौटी सड़कों पर

क‌र्फ्यू के दौरान 6 दिन से बंद प्राइवेट बसों का संचालन भी क‌र्फ्यू में ढील के साथ ही शुरु हो गया। बेहट, विकासनगर, शाकंभरी देवी, जनता रोड, चिलकाना तथा चकरौता मार्ग पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बसों का संचालन जारी रहा। विकास नगर बस यूनियन प्रबंधक राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि क‌र्फ्यू में ढील बढ़ने के साथ ही ओर बसों का संचालन किया जायेगा।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की तादाद बढ़ी

सहारनपुर : क‌र्फ्यू में ढील का समय बढ़ने के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। पूर्व के दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को यात्रियों की संख्या में 20 से 30 प्रतिशत बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। रिजर्वेशन कराने को काउंटरों पर लाइन लगना शुरु हो गई है। शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने रिजर्वेशन कराया है।

अस्पताल : ओपीडी में बढ़े मरीज

सहारनपुर : जिला अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। शुक्रवार को अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या करीब एक हजार रही। जबकि आम दिनों में 14 सौ से लेकर 17 सौ मरीज पहुंचते है। उधर इमरजेंसी में भी मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। सीएमए डा. एमआर मलिक ने बताया कि अस्पताल की सभी चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त है तथा मरीजों को पूर्व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

chat bot
आपका साथी