महामारी की आशंका से भयभीत कई बस्तियां

By Edited By: Publish:Wed, 23 Apr 2014 10:45 PM (IST) Updated:Wed, 23 Apr 2014 10:45 PM (IST)
महामारी की आशंका से भयभीत कई बस्तियां

सहारनपुर : गर्मी के मौसम के रफ्तार पकड़ने के साथ ही महानगर क्षेत्र की अनेक बस्तियों में गंदगी के कारण बीमारियां फैलना शुरू हो गई है। इन बस्तियों के बाशिंदे महामारी फैलने की आशंका से भयभीत हैं।

महानगर की करीब दो दर्जन बस्तियां ऐसी है जिनमें वर्षो बाद भी गंदे पानी की निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। आम दिनों में भी मुख्य मार्गो पर पानी भरा रहना क्षेत्र के लोगो की नियति बन गई है। इन क्षेत्रों में न तो सड़कें ठीक है तथा न हीं नाली व नाले आदि की कोई व्यवस्था। ऐसे में गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से ये लोग ग्रस्त हो जाते हैं। गत वर्ष भी सैकड़ों की संख्या में लोग बुखार, उल्टी, दस्त तथा अन्य बीमारियों से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंचे। इस बार भी हालात पूर्व जैसे ही है तथा क्षेत्रों में बुखार का प्रकोप बढ़ने लगा है।

इन क्षेत्रों का सबसे बुरा हाल

नंदपुरी क्षेत्र में पूरे वर्ष जलभराव रहता है तथा गंदे पानी की निकासी के लिए नगर निगम ने अस्थाई पंप लगा रखे है फिर भी पानी सड़ता रहता है। बदबू के कारण आसपास की कालोनियों में रहना भी मुश्किल हो जाता है। तकरीबन ऐसी ही हाल प्रकाश विहार, एकता कालोनी, हनुमान नगर, आजाद कालोनी, चांद कालोनी, इस्लाम नगर, कांशीराम कालोनी, न्यू वर्धमान कालोनी, ढेवा नगर आदि का भी होता जा रहा है।

क्या कहते हैं क्षेत्रवासी

नंदपुरी कालोनी निवासी प्रवीन प्रजापति, चौ. यशपाल, मनोज धीमान आदि का कहना है कि नगर निगम से अनेक बार गुहार लगाने के बावजूद कोई सुधार नहीं कराया गया है। हर वर्ष बीमारियां फैलती है तथा बरसात में लोगो को अपने घरों तक पहुंचना मुश्किल होता है। ऐसा ही कहना अन्य कालोनियों के सलीम, शाकिर, राजकुमार, इदरीश, राशिद खान, मौ. मुबीन, जाहिद हसन, राजेन्द्र आदि का है। उनका आरोप है कि इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था कभी सुचारू नहीं हो पाई है।

क्या कहते हैं अधिकारी

निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कुंवर सैन का कहना है कि बीमारियां फैलने से रोक के टीमों का गठन का किया जा रहा है। मई के प्रथम सप्ताह से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू करा दिया जायेगा। बीमारियां किन कारणों से फैल रही इसकी जांच करा जरुरी कदम उठाये जायेंगे।

chat bot
आपका साथी