अखिलेश अब रामपुर में दो रातें बिताएंगे, धरना भी देंगे

अखिलेश अब रामपुर में दो रातें बिताएंगे धरना भी देंगे

By JagranEdited By: Publish:Sun, 08 Sep 2019 10:59 PM (IST) Updated:Tue, 10 Sep 2019 06:29 AM (IST)
अखिलेश अब रामपुर में दो रातें बिताएंगे, धरना भी देंगे
अखिलेश अब रामपुर में दो रातें बिताएंगे, धरना भी देंगे

जागरण संवाददाता, रामपुर : सपा मुखिया अखिलेश यादव अब रामपुर में दो रातें बिताएंगे। वह यहां गांधी समाधि पर धरना भी देंगे। इसके लिए सपा जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से अनुमति मांगी है, हालांकि अभी प्रशासन ने परमीशन नहीं दी है।

सांसद आजम खां के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में सपा ने मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद रामपुर आ रहे हैं। वह नौ सितंबर को शाम चार बजे रामपुर पहुंचेंगे, लेकिन सपाइयों ने दो बजे ही पार्टी कार्यालय पर मीटिग बुलाई है, जिसमें आंदोलन की रणनीति बनेगी। आजम खां के बेटे विधायक अब्दुल्ला ने जिले के सभी सपा कार्यकर्ताओं से मीटिग में पहुंचने का आह्वान किया है। सपा जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रामपुर में अब दो रातें बिताएंगे। नौ और 10 सितंबर को यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। 11 सितंबर को गांधी समाधि पर धरना देंगे। इसके लिए हमने प्रशासन से परमीशन मांगी है।

नगर मजिस्ट्रेट को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि सपा की ओर से शासन और प्रशासन की जन विरोधी नीतियों एवं जन समस्याओं को लेकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में 11 सितंबर को 11 बजे से शाम पांच बजे तक गांधी समाधि पर धरना देने का कार्यक्रम है। उनसे परमीशन देने का आग्रह किया गया है। नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता ने उन्हें अभी परमीशन नहीं दी है।

गौरतलब है कि जिलाधिकारी ने शनिवार को अखिलेश का कार्यक्रम मिलने के बाद गृह विभाग को पत्र लिखा था और मुहर्रम के मद्देनजर उनका कार्यक्रम आगे बढ़ाने पर जोर दिया था। अब सपा मुखिया ने 11 सितंबर को रामपुर में धरना देने का फैसला किया है।

chat bot
आपका साथी