काशीराम कालोनी में हैंडपंप दे रहे पीला पानी

रामपुर। भीषण गर्मी में काशीराम कालोनी पहाड़ी गेट के लोग साफ पानी को तरस रहे हैं। लोग दूषित और बदबूदा

By Edited By: Publish:Fri, 29 Apr 2016 10:33 PM (IST) Updated:Fri, 29 Apr 2016 10:33 PM (IST)
काशीराम कालोनी में हैंडपंप दे रहे पीला पानी

रामपुर। भीषण गर्मी में काशीराम कालोनी पहाड़ी गेट के लोग साफ पानी को तरस रहे हैं। लोग दूषित और बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं। कालोनी में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप पीला और बदबूदार पानी दे रहे हैं। नगर पालिका द्वारा लगवाई गईं टोटी भी खराब पड़ी हैं।

प्रदेश सरकार द्वारा लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाए गए हैं। जगह जगह टंकियों का भी निर्माण कराया गया है, जिससे लोगों को पीने के लिए साफ पानी मिल सके, लेकिन तपती गर्मी में काशीराम कालोनी के लोग साफ पानी के लिए तरस रहे हैं। कालोनी में कुछ हैंडपंप गंदा पानी दे रहे हैं तो कुछ खराब पड़े हैं। हैंडपंपो का दूषित पानी लोगों को बीमार कर रहा है। दूषित पानी पीने की वजह से लोगों में संक्रामक रोग फैल रहे हैं। नगर पालिका द्वारा बिछवाई गई पाइप लाइन में लगी टोंटियां टूटी पड़ी हैं। लिहाजा, कालोनी के लोग हैंडपंपो का गंदा पानी पीने का मजबूर हैं। कालोनी में लगभग दो दर्जन से ज्यादा इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हुए है, जिनमें आधे से ज्यादा हैंडपंप पीला पानी दे रहे हैं। विभाग द्वारा भी हैंडपंपो की जांच नहीं कराई जा रही है।

कालोनी निवासी हकीम नजाकत अली का कहना है कि इंडिया मार्का हैंडपंप बदबूदार पानी दे रहे हैं। नगर पालिका द्वारा बिछवाई गई पानी की पाइप लाइन भी खराब पड़ी है। दूषित पानी पीने की वजह से कालोनी के लोगों के गुर्दे, मसाने और पित्ते में पथरियां पैदा हो रही हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

फेहमीदा बेगम का कहना है कि कालोनी में पेयजल की काफी समस्या है। हैंडपंप खराब पड़े हैं। पाइप लाइन भी टूटी पड़ी है। हैंडपंपों का दूषित पानी लोगों की सेहत खराब कर रहा है। जैसे तैसे करके भयंकर गर्मी में गुजारा किया जा रहा है। शासन द्वारा भी हैंडपंपो की जांच नहीं कराई जा रही है।

इदरीस कुरैशी का कहना है कि कालोनी के लोग पिछले काफी समय से गंदा पानी पी रहे हैं। कई बार नगर पालिका से शिकायत की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पानी की पाइप लाइन भी खराब पड़ी है। टोंटिया टूटी पड़ी हैं। शासन जल्द से जल्द कालोनी में पानी की किल्लत को दूर करे।

भूरा मंसूरी का कहना है पीने के लिए बाजार से पानी की बोतल खरीदनी पड़ रही है। कालोनी में कोई हैंडपंप ऐसा नहीं है, जो साफ पानी दे रहा हो। हैंडपंपों के पानी से धुले कपड़े तक पीले पड़ रहे हैं। इस भीषण गर्मी में कालोनी में साफ पानी तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। शीघ्र ही पानी की पाइप लाइन ठीक कराई जाए।

chat bot
आपका साथी