स्वतंत्रता सेनानी के घर जाएंगे राहुल

By Edited By: Publish:Tue, 02 Sep 2014 06:19 PM (IST) Updated:Tue, 02 Sep 2014 06:19 PM (IST)
स्वतंत्रता सेनानी के घर जाएंगे राहुल

अमेठी,जागरण संवाददाता : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। मां सोनिया गांधी के रायबरेली से वापस लौटने के अगले दिन यानि गुरुवार से शुरू हो रहा राहुल का दौरा काफी व्यस्तता से भरा हुआ है। दिवंगत हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजाराम शुक्ल के घर जाकर जहां सांसद उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वहीं शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार की सुबह 10 बजे विमान से लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरेंगे। वहां से इन्हौना के रास्ते राहुल गांधी तिलोई विधान सभा के उन गांवों की ओर रुख करेंगे जहां बीते लोक सभा चुनाव में कांग्रेस ने सर्वाधिक मत प्राप्त किए हैं। कुछ गांवों में राहुल गांधी के पैदल भ्रमण का भी कार्यक्रम बनाया गया है। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर गांव के नाम पर सार्वजनिक नहीं किया गया है। तिलोई विधान सभा क्षेत्र से निकलने के बाद राहुल गाधी सीधे अमेठी तहसील के रामदैयपुर गांव पहुंचेगे। जहां बीती 19 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजाराम शुक्ला का निधन हो गया था। सांसद राहुल गांधी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों से मिलकर वापस संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज के गेस्ट हाउस पहुंचेगे। यहां गुरुवार की शाम वह जिला कांग्रेस कमेटी के लोगों से मुलाकात करेंगे और पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी। राहुल गांधी गेस्ट हाउस में ही रात्रि विश्राम भी करेंगे। पांच सितंबर यानि शिक्षक दिवस को राहुल गांधी सुबह नौ बजे से मुंशीगंज गेस्ट हाउस में लेागों से मुलाकात करेंगे। यहां से निकलने के बाद वह सीधे मुसाफिरखाना कस्बे में स्थित एएच इंटर कालेज पहुंचेगे। यहां शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वह वापस लौट जाएंगे। राहुल गांधी के आगमन की खबर के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी