बाजार बंद करके व्यापारियों ने कंधई थाने का किया घेराव

गुंडा टैक्स देने से इन्कार करने पर दबंगों द्वारा किए गए हमले से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद करके सोमवार को कंधई थाने का घेराव किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Jan 2020 10:47 PM (IST) Updated:Tue, 21 Jan 2020 06:06 AM (IST)
बाजार बंद करके व्यापारियों ने कंधई थाने का किया घेराव
बाजार बंद करके व्यापारियों ने कंधई थाने का किया घेराव

संसू, दीवानगंज : गुंडा टैक्स देने से इन्कार करने पर दबंगों द्वारा किए गए हमले से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद करके सोमवार को कंधई थाने का घेराव किया। व्यापारी आरोपितों पर मारपीट, लूट का मुकदमा दर्ज करने के बाद ही शांत हुए।

मधुपुर (भैरोगंज) गांव निवासी बच्चन उमरवैश्य किशुनगंज बाजार में सब्जी की दुकान लगाता हैं। रविवार दोपहर लगभग तीन बजे गुंडा टैक्स देने से इन्कार करने पर दबंग गोलू गिरी और उसके साथियों ने उसकी पिटाई कर दी थी। इसकी शिकायत करने पर गुस्साए गोलू और उसके आधा दर्जन साथी शाम लगभग छह बजे बाइक से पहुंचे और बच्चन की पिटाई करने लगे। शोर सुनकर बीच बचाव करने दौड़े जलेबी विक्रेता बच्चन के भाई विष्णु उमरवैश्य (30) पुत्र शिवकुमार और विशाल उमरवैश्य (22) पुत्र मेवालाल पर हमलावरों ने जलेबी का खौलता हुआ तेल डाल दिया था। जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उधर, घटना से आक्रोशित किशुनगंज एवं कंधई के व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया और सैकड़ों की संख्या में सुबह करीब नौ बजे कंधई थाने पहुंचकर घेराव कर दिया। व्यापारी मुकदमा दर्ज करके हमलावरों की गिरफ्तारी और बाजार में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। करीब घंटे भर बाद नए एसओ उमेश प्रताप सिंह फतनपुर से कंधई थाने पहुंचे और व्यापारियों को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद जलेबी विक्रेता विशाल के पिता मेवालाल की तहरीर पर गोलू गिरी पुत्र जगदीश गिरी निवासी भैरोगंज, अमित पांडेय पुत्र वीरेंद्र पांडेय और चार अज्ञात के खिलाफ मारपीट, लूट का मुकदमा दर्ज किया। मेवालाल का आरोप है कि मारपीट करने के बाद हमलावर पांच हजार रुपये लूट ले गए थे। मुकदमे की नकल मिलने के बाद ही व्यापारी थाने से हटे। एसओ उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। सदर विधायक से व्यापारियों की हुई नोक झोंक

घटना की जानकारी होने के बाद सदर विधायक राजकुमार पाल सोमवार को दोपहर किशुनगंज बाजार पहुंचे। वह व्यापारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेने लगे। इसी बीच कुछ व्यापारी विधायक से यह कहते हुए नोकझोंक करने लगे कि घटना को 12 घंटे से अधिक हो गए और उन्हें अब समय मिला है। विधायक ने व्यस्तता का हवाला देते हुए कहा कि हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

chat bot
आपका साथी