जेल में सपा जिलाध्यक्ष से मारपीट की अफवाह से सनसनी

जेल में बंद सपा जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट की अफवाह तेजी से उड़ी और लखनऊ तक मामला गरमा गया। जेलर और सपा जिलाध्यक्ष के भाई दिन भर यही सफाई देते रह गए कि जेल के अंदर इस तरह की कोई वारदात नहीं हुई है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Sep 2020 11:29 PM (IST) Updated:Sun, 20 Sep 2020 05:04 AM (IST)
जेल में सपा जिलाध्यक्ष से मारपीट की अफवाह से सनसनी
जेल में सपा जिलाध्यक्ष से मारपीट की अफवाह से सनसनी

जेल में बंद सपा जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट की अफवाह तेजी से उड़ी और लखनऊ तक मामला गरमा गया। जेलर और सपा जिलाध्यक्ष के भाई दिन भर यही सफाई देते रह गए कि जेल के अंदर इस तरह की कोई वारदात नहीं हुई है। वहीं सपा नेताओं ने इसे विरोधियों की एक और नई साजिश करार दिया है।

सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव के ऊपर यूं तो कई मुकदमे हैं। इससे इतर राजनीति उस समय गरमा गई, जब सप्ताह भर पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊधारा गांव के अजुर्न गौतम ने सपा जिलाध्यक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत कर दी, पुलिस प्रशासन सक्रिय हो उठा। पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस पर सपाइयों ने प्रदर्शन भी किया था। पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा और पूर्व मंत्री मनोज पांडेय ने सपा जिलाध्यक्ष को जेल भेजे जाने के मामले में प्रेसवार्ता कर भाजपा शासन को घेरते हुए इसे साजिश बताया था। वहीं शनिवार को एक बार फिर सपाइयों में यह सुनकर आक्रोश फैल गया कि दिन में 12 बजे जेल में बंद सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव के मारपीट की गई है। वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और जेल प्रशासन इस घटना को छिपाने में लगा है। इस वारदात की सूचना लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय भी पहुंच गई। वहां से इस मामले की जानकारी सपा के वरिष्ठ नेताओं को हुई तो खलबली मच गई। सपा शासन में मंत्री रहे शिवाकांत ओझा, एमएलसी उदयवीर सिंह और वाशिक खान ने जेलर भारती चौधरी से मोबाइल फोन से सीधे बात की और सपा जिलाध्यक्ष से मारपीट के बापत पूछा। जेलर भौचक रह गए और उन्होंने कहा कि इस तरह की कोई बात नहीं हुई है। उन्होंने जब मारपीट की घटना को अफवाह बताया, तब कहीं जाकर सपा नेताओं ने राहत की सांस ली। वहीं जेल का दिन भर फोन घनघनाता रहा और जेल स्टॉफ दिन भर सफाई देता रहा। इस मामले में सपा जिलाध्यक्ष के भाई एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गुलशन यादव का कहना है कि यह एक साजिश के तहत उड़ाई गई अफवाह है। उनके भाई के साथ जेल में किसी तरह की मारपीट नहीं हुई है। अफवाह उड़ाने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है। वहीं पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा का कहना है कि इस तरह की अफवाह के बारे में जेलर से उनकी बात हुई, मगर ऐसी कोई घटना नहीं हुई। यह किसी की बदमाश है। ------- जेल में सपा जिलाध्यक्ष के साथ किसी तरह की कोई मारपीट की घटना नहीं हुई है। किसी ने अफवाह उड़ाई है, इस बारे में सपा नेताओं का फोन आया था। सभी को बता दिया गया कि सपा जिलाध्यक्ष अपनी बैरक में सुरक्षित हैं। भारती चौधरी, जेलर, जिला कारागार

chat bot
आपका साथी