किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा बॉर्डर पर पुलिस का कड़ा पहरा, मेट्रो बंद होने से यात्री परेशान

कालिंदी कुंज डीएनडी फ्लाई वे सेक्टर 14 ए स्थित चिल्ला रेगुलेटर बॉर्डर पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के बाद ही सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है। इसके चलते न सिर्फ बॉर्डर पर जाम की स्थिति है बल्कि लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।

By JP YadavEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 01:27 PM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 01:27 PM (IST)
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा बॉर्डर पर पुलिस का कड़ा पहरा, मेट्रो बंद होने से यात्री परेशान
मेट्रो रेल सेवा बंद होने के चलते लोगों को दिल्ली को परेशानी हुई है।

नोएडा [मोहम्मद बिलाल]। दिल्ली में किसान के होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा पुलिस बॉर्डर पर सुबह 8 बजे से विशेष चेकिंग कर रही है। कालिंदी कुंज, डीएनडी फ्लाई वे, सेक्टर 14 ए स्थित चिल्ला रेगुलेटर बॉर्डर पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के बाद ही सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है। इसके चलते न सिर्फ बॉर्डर पर जाम की स्थिति है बल्कि लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। वहीं, दूसरी तरफ मेट्रो रेल सेवा बंद होने के चलते लोगों को दिल्ली को परेशानी हुई है। सबसे अधिक परेशानी सेक्टर 15, 16, 18 मेट्रो स्टेशन बन्द होने से हुई है। मेट्रो से दिल्ली जाने वाले लोगों को दिल्ली के अशोक नगर मेट्रो तक ऑटो या टैक्सी करके जाना पड़ रहा है। इससे ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे है।

सबसे ज्यादा परेशानी सेक्टर 15 मेट्रो स्टेशन बंद होने के चलते हुई है। यहां से सैकड़ों की संख्या में लोग दिल्ली जाने के लिए मेट्रो पकड़ते हैं, लेकिन सुबह से मेट्रो बंद है। इसके चलते लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। कई लोगों को काम पर और दफ्तर पहुंचने में भी देरी हुई है।

मेट्रो रेल प्रबंधन कि ओर से स्टेशन के बाहर एक नोटिस चस्पा किया गया है जिसमें यह बताया गया है कि आज दोपहर 2 बजे तक दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर मेट्रो स्टेशन बंद रहेगी। जो यात्री मेट्रो से यात्रा करना चाहते हैं उन्हें या तो नोएडा के सिटी सेंटर जाना होगा या दिल्ली के अशोक नगर स्टेशन जाकर मेट्रो पकड़नी होगी। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में कार्यरत सुपरवाइजर किशन कुमार ने बताया कि मेट्रो न चलने की जानकारी उन्हें नहीं थी। लिहाज अब कैब बुककर अस्पताल जाएंगे।

वहीं, दिल्ली के अस्पतालों में मेडिकल उपकरण की आपूर्ति करने वाले टिंकू कुमार ने बताया कि मेट्रो बंद होने की वजह से काफी परेशानी हुई है। ऑटो व टैक्सी वाले मनमाना किराया मांग रहे है। दफ्तर का काम इसलिये किसी भी तरह दिल्ली जरूर जाएंगे चाहे जितने रुपये खर्च हो जाएं।

वहीं, नोएडा के सेक्टर 15 में रहने वाले नवीन कुमार ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से दिल्ली के राजीव चौक जाना है, लेकिन मेट्रो बंद है। इससे काफी परेशानी हुई है। मजबूरी में अब अशोक नगर जाकर मेट्रो पकड़नी होगी।

उधर, ई रिक्शा चालक बब्लू कुमार ने बताया कि सेक्टर 15 से मेट्रो बन्द होने से लोगों को अशोक नगर मेट्रो स्टेशन जाना पड़ रहा है। 15 मेट्रो स्टेशन से अशोक नगर मेट्रो स्टेशन तक प्रति व्यक्ति 10 रुपये सवारी वसूल रहे हैं। सुबह से अबतक 100 से अधिक लोगों को स्टेशन तक पहुंचा चुके हैं।

नोएडा के डीसीपी राजेश ने बताया सुरक्षा के मद्देनजर बॉर्डर पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही है चेकिंग के बाद ही सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है बॉर्डर पर जाम की स्थिति नहीं है। चेकिंग के चलते यातायात धीमी गति से चल रहा है। 

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी