अभियान में 30 किलो पॉलीथिन जब्त

पॉलीथिन के थोक व्यापारी के यहां मिला कार्बाइड। अतिक्रमण भी हटवाया, 12 का किया चालान। रेस्टोरेंट संचालक की ईओ से झड़प।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Jul 2018 11:35 PM (IST) Updated:Thu, 19 Jul 2018 11:35 PM (IST)
अभियान में 30 किलो पॉलीथिन जब्त
अभियान में 30 किलो पॉलीथिन जब्त

खतौली (मुजफ्फरनगर) : नगरपालिका ने गुरुवार को पुलिस की मदद से नगर में पॉलीथिन पकड़ने के लिए अभियान चलाया। राजाराम मंडी में थोक व्यापारी की दुकान से करीब 30 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद की गई। दुकान में अवैध रूप से कार्बाइड रखा मिला। ईओ ने व्यापारी को जमकर हड़काया। उसका चालान किया गया। टीम ने जानसठ रोड पर अतिक्रमण भी हटाया। अतिक्रमण करने वालों के चालान भी किए गए। 50 माइक्रोग्राम की पॉलीथिन को लेकर रेस्टोरेंट संचालक की ईओ से झड़प हुई।

नगरपालिका के ईओ ओम गिरि के नेतृत्व में एसआइ शैशिल मलिक व पालिका की टीम ने पुलिस को साथ लेकर पॉलीथिन को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। जीटी रोड, राजाराम मंडी, जानसठ रोड, श्यामपुरी व अशोका मार्केट में अभियान चलाया गया। ईओ ने बताया कि राजाराम मंडी में आकाश जैन अनिल जैन पॉलीथिन के थोक व्यापारी के यहां से करीब 20 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया। उक्त दुकान में अवैध रूप से कार्बाइड भी मिली। इसको लेकर उन्होंने व्यापारी को खूब हड़काया।

उप्र उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष राजेश जैन मौके पर पहुंचे और उन्होंने व्यापारियों को फिलहाल चेतावनी देकर छोड़ने को कहा, लेकिन ईओ ने कहा कि उक्त व्यापारी पॉलीथिन व कार्बाइड अवैध रूप से बेच रहा है, उसका चालान किया जाएगा। आकाश जैन अनिल जैन का एक हजार रुपये का चालान किया गया। मंडी में एक अन्य थोक व्यापारी की दुकान में पॉलीथिन तलाशी गई। ईओ ने व्यापारियों को बताया कि हर प्रकार की पॉलीथिन बंद कर दी गई है। पॉलीथिन मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। टीम ने जानसठ रोड पर अतिक्रमण भी हटाया। सड़क पर छोले-भटूरे बना रहे एक दुकानदार का सिलेंडर जब्त किया गया। जानसठ रोड पर जूते, बर्तन, कपड़े के व्यापारी व श्यामपुरी में ओम टेलीकॉम व स्वास्तिक टेलीकॉम के चालान किए गए। इनकी दुकानों के आगे रखा सामान जब्त किए गया। जीटी रोड पर एक रेस्टोरेंट में जब ईओ ने हर तरह की पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाने की बात कही तो रेस्टोरेंट संचालक ने जीओ मांगा। इसको लेकर ईओ व संचालक के बीच झड़प हुई। संचालक ने कहा कि 50 माइक्रोग्राम की पॉलीथिन प्रतिबंधित नहीं है। जीओ न होने पर टीम वहां से लौट गई।

chat bot
आपका साथी