12 नए पॉजिटिव मिले, 35 हुए स्वस्थ

कोरोना की बढ़ती जांच के बाद प्रतिदिन नए कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या का आंकड़ा बढ़ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 Aug 2020 10:56 PM (IST) Updated:Thu, 06 Aug 2020 10:56 PM (IST)
12 नए पॉजिटिव मिले, 35 हुए स्वस्थ
12 नए पॉजिटिव मिले, 35 हुए स्वस्थ

मुजफ्फरनगर, जेएनएन। कोरोना की बढ़ती जांच के बाद प्रतिदिन नए कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या का आंकड़ा बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रयोगशालाओं से सामने आई कोरोना संदिग्धों की जांच रिपोर्ट में 12 नए पॉजिटिव सामने आए हैं। राहत की बात रही कि बड़ी संख्या में भर्ती चल रहे मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया है।

कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच की संख्या बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने नोडल अधिकारी की फटकार के बाद जांच की संख्या बढ़ा दी। जिला अस्पताल सहित बाजारों तथा जिला महिला अस्पताल में लगी ट्रूनेट मशीन से जांच करानी शुरू कर दी। जिला अस्पताल व बाजारों में लिए जा रहे सैंपल की रिपोर्ट प्रयोगशाला से दो दिन बाद पहुंच रही है। गुरुवार को प्रयोगशाला से 44 सैंपलों की जांच रिपोर्ट पहुंची। इसमें 11 मरीज पॉजिटिव मिले। इसके अलावा एक पॉजिटिव मरीज निजी लैब से मिला है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों में एक फलौदा, दो खतौली, दो चरथावल, एक जानसठ रोड, एक नई मंडी, एक साउथ सिविल लाइन, दो आर्यपुरी, दो कंबल वाला बाग से सामने आए हैं। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया है। वहीं आर्यपुरी सहित सभी स्थानों को सैनीटाइज करने के साथ बैरिकेटिग की जाएगी।

35 मरीजों को डिस्चार्ज किया

बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में हर दिन नए पॉजिटिव मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़नें पर नए मरीजों के लिए बेड खाली हो रहे है। गुरुवार को 35 मरीज स्वस्थ हुए हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज से छुट्टी दे दी गई है।

इनका कहना है

- गुरुवार को 44 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। 12 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं 35 मरीज स्वस्थ हुए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज किया गया है।

- आलोक कुमार, एडीएम, वित्त एवं राजस्व

chat bot
आपका साथी