यूपी चुनाव 2022 के दूसरे चरण के नामांकन आज से, प्रत्याशी के साथ इतने लोग ही जा सकेंगे नामांकन कराने

UP Election 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार से कलेक्ट्रेट में नामांकन की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर के पांच सौ मीटर के दायरे प्रत्याशी और प्रस्तावकों को प्रवेश दिया जाएगा। परिसर के आस-पास ढाई सौ से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Fri, 21 Jan 2022 07:25 AM (IST) Updated:Fri, 21 Jan 2022 07:25 AM (IST)
यूपी चुनाव 2022 के दूसरे चरण के नामांकन आज से, प्रत्याशी के साथ इतने लोग ही जा सकेंगे नामांकन कराने
UP Chunav 2022 : एएसपी, सीओ और इंस्पेक्टर के साथ ढाई सौ जवान तैनात

मुरादाबाद, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Election 2022 : विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार से कलेक्ट्रेट में नामांकन की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर के पांच सौ मीटर के दायरे प्रत्याशी और प्रस्तावकों को प्रवेश दिया जाएगा। परिसर के आस-पास ढाई सौ से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, प्रत्याशियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोविड प्रोटोकाल के साथ ही आचार संहिता का पालन करना सभी को अनिवार्य है।

शुक्रवार को सुबह दस बजे से कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। गुरुवार को डीआइजी शलभ माथुर सुरक्षा व्यवस्था को चेक करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया,एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, एसपी यातायात अशोक कुमार के साथ पूरे परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही सुरक्षा संबंधी जरूरी निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट में प्रवेश से पहले तीन स्थानों में बैरिकेडिंग लगाई गई है।

कमिश्नर कार्यालय के पास से केवल प्रत्याशियों के साथ प्रस्तावकों को प्रवेश दिया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि नामांकन के दौरान नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। सुरक्षा के लिए पांच सीओ, दो एएसपी, 15 निरीक्षक के साथ ही ढाई सौ सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जानें क्या है चुनाव ड्यूटी में वाहनों को अटैच करने का नियम : विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 के सफल निर्वाचन के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जोनल मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. अनुपमा शांडिल्य ने जोनल मजिस्ट्रेटों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों तथा ईवीएम से बैलट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट जोड़े जाने की प्रक्रिया के संबंध में अवगत कराया।

इस अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट, जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने जोनल मजिस्ट्रेट को बताया कि अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट पर विशेष नजर रखें। कानून व्यवस्था की समस्या है तो उसका समुचित निदान कराना है। आपको फोर्स भी उपलब्ध कराई जाएगी। मतदान के दिन जो भी राजनीतिक पार्टी के लोग हो वह यह सुनिश्चित करेंगे कि बस्ते 100 मीटर की परिधि के बाहर लगाएं। सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान का समय निर्वाचन आयोग ने रखा है। 12 फरवरी की सायं छह बजे से चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।

कोई भी प्रत्याशी बिना स्वीकृति के चुनाव में गाड़ी नहीं चलाएगा। और गाड़ियां भी मतदान केंद्र से 200 मीटर के दायरे से बाहर रहेंगी। उन्होंने बताया कि जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। मतदान के लिए जनपद में सिस्टम के साथ कार्य किया जायेगा। किसी तरह की समस्या है तो जोनल मजिस्ट्रेट अपर जिलाधिकारी नगर से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करा लें।

chat bot
आपका साथी