यूपी व‍िधानसभा चुनाव की गर्मी में गरीबों की ठंड भूल गए माननीय, इस बार नहीं बांटे जा रहे कंबल

मौजूदा कुर्सी पर बैठे माननीयों से लेकर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में विधायकी का सपना लेकर चुनावी मैदान में जमे दावेदार भले ही चुनावी गर्मी में पैसा खर्च कर रहे हैं। लेकिन अभी तक उनकी नजर उन गरीबों पर नहीं पहुंची है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 07 Jan 2022 02:12 PM (IST) Updated:Fri, 07 Jan 2022 02:12 PM (IST)
यूपी व‍िधानसभा चुनाव की गर्मी में गरीबों की ठंड भूल गए माननीय, इस बार नहीं बांटे जा रहे कंबल
शहर में कई समाजसेवी लोगों ने लिहाफ वितरण कर दिए हैं।

मुरादाबाद [सौरव प्रजापति]। भले ही मौसम सर्द हो लेकिन, सियासत में गर्मी चल रही है। चूंकि विधानसभा चुनाव काफी नजदीक है। ऐसे में हर कोई विधायकी का सपना संजोए हुए हैं। इसी मकसद से हर पार्टी के दावेदार चुनावी दंगल में दांव-पेंच अजमाने में जुटे हैं। लेकिन, इस सबके बीच ऐसे भी सैकड़ों गरीब ऐसे हैं जो, इन दिनों माननीयों की तरफ निहार रहे हैं। आस है कि माननीय कोई लिहाफ या कंबल दे दें, ज‍िसके माध्यम से ठंड से बचा जा सके। मगर, स्थिति यह है कि चुनावी गर्मी में माननीय का ध्यान गरीबों की ठंड पर नहीं पड़ा है।

अमरोहा जनपद में गजरौला का एक अपना अलग वजूद है। यहां पर नामचीन होटल-रेस्टोरेंट या स्कूल नहीं बल्कि राजनेताओं का गढ़ भी है। इसलिए इसे अमीरों की नगरी भी कहा है। इन दिनों हर ओर चुनावी बिगुल बजा हुआ है। ऐसे में मौजूदा कुर्सी पर बैठे माननीयों से लेकर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में विधायकी का सपना लेकर चुनावी मैदान में जमे दावेदार भले ही चुनावी गर्मी में पैसा खर्च कर रहे हैं। लेकिन, अभी तक उनकी नजर उन गरीबों पर नहीं पहुंची है। जो, ठंड से बचने के लिए लिहाफ-कंबल के लिए आस लगाए बैठे हैं। यूं तो शहर में कई समाजसेवी लोगों ने लिहाफ वितरण कर दिए हैं लेकिन, चुनावी गर्मी में व्यस्त माननीयों ने अभी तक कोई भी कंबल या लिहाफ वितरण कार्यक्रम नहीं किया है। ऐसे हालात तब बने हैं। जब यहां पर दो मौजूदा विधायक राजीव तरारा, संगीता चौहान, पूर्व विधायक एवं चेयरमैन हरपाल सिंह, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, नगर पालिका अध्यक्ष अंशु नागपाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी के निवास हैं। इसके अलावा भी कई ऐसे लोग हैं जो, समाजसेवा का चोला ओढ़कर तो रहते हैं लेकिन, ऐसी सर्दी में गरीबों की मदद के लिए आगे नहीं आए हैं। औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से भी कोई कंबल या लिहाफ वितरण समारोह नहीं हुआ है। ऐसे में जरूरमंद ठिठुरने के लिए मजबूर हैं। हालांकि शहर के कई समाजसेवियाें ने जरूरतमंदों को कंबल व लिहाफ वितरित कर दिए हैं।

हर साल नगर पालिका की तरफ से कंबल वितरण समारोह किया जाता है। इस बार भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। जल्द ही कंबल वितरित किए जाएंगे। हर उस व्यक्ति के लिए हमेशा मदद के लिए तैयार हैं जो वाकई में जरूरतमंद है। समय-समय पर मदद की भी जाती है।

देवेंद्र नागपाल, पूर्व सांसद एवं नगर स्वच्छता प्रेरक, पालिका, गजरौला।

गरीबों को कंबल-लिहाफ वितरण किए जाएंगे। इसके लिए कार्यक्रम जल्द ही आयोजित किया जाएगा। जरूरतमंद लोगों की सूची भी तैयार कराई जा रही है। सूची तैयार होते ही कार्यक्रम कर हर जरूरतमंद को कंबल या लिहाफ वितरित किए जाएंगे। इस कार्य में कोई देरी नहीं होगी।

राजीव तरारा, विधायक, मंडी धनौरा।

chat bot
आपका साथी