UP Election 2022: सपा सरकार में आतंकियों के साथ रहती थी संवेदना, बिजनौर में बोले योगी आदित्यनाथ

UP Vidhan Sabha Election 2022 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में सबसे पहले महात्‍मा विदुर की धरती बिजनौर को नमन किया। कहा कि 14 फरवरी को जनपद में चुनाव होना है इसके लिए सभी को तैयार रहना है।

By Parveen VashishtaEdited By: Publish:Thu, 27 Jan 2022 04:38 PM (IST) Updated:Thu, 27 Jan 2022 04:38 PM (IST)
UP Election 2022: सपा सरकार में आतंकियों के साथ रहती थी संवेदना, बिजनौर में बोले योगी आदित्यनाथ
सपा सरकार में आतंकियों के साथ रहती थी संवेदना, बिजनौर में बोले योगी आदित्यनाथ

बिजनौर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार में दंगा होता था, सपा सरकार की संवेदनाएं आतंकवादियों के साथ होती थीं। भाजपा सरकार ने किसानों व गरीबों के लिए काम किया है, जबकि छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। बिना रुके बिना झुके, प्रत्येक वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया है।

'भाजपा ने अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया'

मुख्‍यमंत्री ने बिजनौर की काकरान वाटिका में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले महात्‍मा विदुर की धरती बिजनौर को नमन किया। कहा कि 14 फरवरी को जनपद में चुनाव होना है, इसके लिए सभी को तैयार रहना है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यो को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को डबल राशन देने का काम किया है। हर घर तक गैस कनेक्शन पहुंचाया, पिछली सरकार में हर तीसरे दिन उत्तर प्रदेश में दंगा होता था। बेटियां महिलाएं परेशान थीं, घर से निकलना तक मुश्किल था। लेकिन भाजपा सरकार ने अपनी प्राथमिकता पर छेड़छाड़ करने वाले अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की और अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया। पिछली सरकार अपराधियों को संरक्षण देती थी। माफिया, दंगाई और आतंकियो के साथ संवेदनाएं होती थीं।

'पिछली सरकारों ने गरीबों का हक छीना'

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने घोषणापत्र के अनुसार किसानों का कर्ज माफ किया। एंटी रोमियो का गठन किया। अवैध बूचड़खाने को बंद कराने का काम किया है, वहीं चीनी मिलों का उद्धार किया है। पिछली सरकारों ने गरीबों का हक छीना है और लोगों का पैसा लूट कर तिजोरी भरी हैं। अब दीवारें तोड़कर नोटों की गड्डियां निकल रही हैं। हमारी सरकार में ऐसी कार्रवाई हुई है कि दंगाइयों की सात पीढ़ियां नुकसान को भरते-भरते परेशान हो जाएंगी।

'कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर अंकुश का वादा किया पूरा'

नजीबाबाद में कान्‍हा होटल में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब पूरा देश कोरोना का सामना कर रहा है। भारत में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोरोना प्रबंधन के बेहतरीन काम किया है। देश का सबसे बड़ा राज्य एक नजीर बना है।

नजीबाबाद के विकास जो कार्य होना चाहिए था, वह स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा नहीं किया गया। 2007 से 2012 के बीच काम करने वाली बसपा सरकार हो या 2012 से 2017 के बीच काम करने वाली सपा सरकार हो, उनके काम को देखें और 2017 से 2022 के बीच काम करने वाली भाजपा सरकार के काम को देखें।

पहले की सरकारों की सोच शोषित व उपेक्षित, वंचितों, गरीबों के प्रति संवेदना नहीं थी। भाजपा सरकार ने इसे समझा है। कहा कि 'मैं स्पष्ट करने आया हूं भाजपा सरकार ने 2017 में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर अंकुश लगाने का वायदा किया था। हमें खुशी है कि हमने यह कर दिखाया।'

'कोरोना काल में भी घूम रहा विकास का पहिया'

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि महात्मा विदुर के नाम पर हमने जनपद बिजनौर में मेडिकल कॉलेज दिया है।

बाईपास निर्माण की का काम तेजी से चल रहा है। फोर लेन व सिक्स लेन सड़कों पर काम किया जा रहा है यह कोरोना काल का समय है इसके बावजूद विकास का पहिया तेजी से दौड़ रहा है। सपा सरकार के मुख्यमंत्री ने 2012 में अयोध्या में राम मंदिर पर हमला करने वाले आतंकवादियों का मुकदमा वापस करने का फैसला लिया था। हमने फैसला लिया अवैध बूचड़खानों को बंद करने का और लड़कियों की सुरक्षा के लिए स्क्वायड बनाने का।

हमारा नजरिया आपके सामने हैं। हमने पेशेवर रंगदारियों पर सख्ती से कार्रवाई की है। पेशेवर माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने का साहस भी हमने किया।

chat bot
आपका साथी