शामली में हैवानियत: पड़ोसी के घर फ्रिज में आटा रखने गई पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित फरार

Shamli Crime News शामली में एक बच्‍ची से हैवानियत का मामला सामने आया है। घर में फ्रिज न होने पर बच्ची पड़ोसी के घर आटा रखने गई थी। आरोपित ने उसे टाफी का लालच दिया। इससे पूर्व भी उसने बच्ची को 50 रुपये दिए थे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Sep 2022 07:10 PM (IST) Updated:Tue, 27 Sep 2022 07:10 PM (IST)
शामली में हैवानियत: पड़ोसी के घर फ्रिज में आटा रखने गई पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित फरार
शामली में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म (सांकेतिक फोटो)

शामली, जागरण संवाददाता। गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव में पड़ोसी ने पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के स्वजन ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित अपने घर से फरार हो गया है। पुलिस उसको तलाश कर रही है। 

यह है मामला 

घटना सोमवार देर शाम की है। घर में फ्रिज न होने पर बच्ची को पड़ोसी के घर जाकर फ्रिज में आटा रखने को स्‍वजन ने कहा था। बच्ची वहां पहुंची तो उस दौरान मकान मालिक ने उससे दुष्कर्म किया तथा किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मासूम के शोर मचाने पर स्वजन व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपित फरार हो गया। 

बच्‍ची को टाफी का दिया लालच  

स्वजन ने मामले की सूचना गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस को दी। पीड़ित बच्ची ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने उसे टाफी का लालच दिया था। पीड़िता के मामा ने बताया कि आरोपित ने रविवार की रात भी बच्ची को 50 रुपये दिए थे। स्वजन ने आरोपित के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित  सोमपाल को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। 

- - - - - 

युवती को अगवा कर दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार 

मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। भोपा क्षेत्र के गांव से युवती को अगवा कर होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 18 सितंबर को मुकदमा दर्ज कराया था कि रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव बडसू निवासी नदीम उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है। पुलिस ने 20 सितंबर को युवती को बरामद कर लिया था, जबकि आरोपित भाग गया था। पुलिस ने युवती का मेडिकल कराकर कोर्ट में बयान दर्ज कराए। इसमें पीड़िता ने बताया कि आरोपित ने उसे दो दिन तक होटल में रखा तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। विवेचक पवन कुमार ने सोमवार को नदीम को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।

chat bot
आपका साथी