Murder in Meerut: पहले बात की, फिर कनपटी पर सटाकर युवक को मार दी गोली, मौत

Murder in Meerut मेरठ के जैदीफार्म में बदरू हसन का परिवार रहता है। उनका बीस वर्षीय बेटा अमान सोमवार की रात करीब दस बजे घर की चौखट पर आए बाइक सवार युवकों से बातचीत कर रहा था। करीब पांच मिनट तक बाइक सवार युवकों ने अमान के साथ बातचीत की।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Sep 2022 12:44 AM (IST) Updated:Tue, 27 Sep 2022 12:44 AM (IST)
Murder in Meerut: पहले बात की, फिर कनपटी पर सटाकर युवक को मार दी गोली, मौत
मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या

मेरठ, जागरण संवाददाता। नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदीफार्म में घर के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। परिवार के लोगों ने पड़ोस में रहने वाले दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के घर पर दबिश डाली है। 

यह है मामला 

जैदीफार्म में बदरू हसन का परिवार रहता है। बदरू हसन कृषि विभाग में चालक पद पर कार्यरत हैं। उनका बीस वर्षीय बेटा अमान सोमवार की रात करीब दस बजे घर की चौखट पर आए बाइक सवार युवकों से बातचीत कर रहा था। करीब पांच मिनट तक बाइक सवार युवकों ने अमान के साथ बातचीत की। आरोप है कि उसके बाद अमान की कनपटी से सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ अमान जमीन पर गिर गया। उसके बाद बाइक सवार हमलावर मौके से भाग गए। खून से लथपथ अमान को लेकर परिवार के लोग लोकप्रिय अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी बीच मामले की सूचना पुलिस को मिली। इंस्पेक्टर क्राइम और एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे। 

घेराबंदी कर आरोपितों के घर पर दी दबिश 

परिवार के लोगों ने अनस और अली पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि अनस और अली बाइक पर सवार होकर अमान से मिलने आए थे। पुलिस दोनों की घेराबंदी कर घर पर दबिश दी है। उनके परिवार के सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज से भी हमलावरों की पहचान हो चुकी है। उधर, एसपी सिटी पीयूष सिंह का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर धरपकड़ के लिए दबिश डाली जा रही है। 

वर्चस्व का विवाद मान रही पुलिस 

अमान की हत्या के पीछे पुलिस वर्चस्व और युवती का विवाद मानकर चल रही है। एसपी सिटी का कहना है कि हमलावर अमान के पहले से परिचित है। अमान और अनस की पहले दोस्ती थी। लेकिन वर्चस्व को लेकर पिछले छह माह से तनातनी चल रही है। अनस और अली ने अमान से कुछ देर तक घर के बाहर ही बातचीत भी की है। उसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर बहस हुई। उसके बाद बाइक सवारों ने अमान को गोली मार दी। 

chat bot
आपका साथी