साप्ताहिक बंदी पर बाजार खोलने की मांग ने पकड़ा जोर

त्योहारी सीजन में बाजारों में साप्ताहिक बंदी के दिन भी दुकान खोले जाने की मांग जोर पकड़ रही है। कई बाजारों में साप्ताहिक बंदी का नियम दरकिनार कर दिया गया है। लगातार दुकानें खोली भी जा रही हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 09:29 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 09:29 PM (IST)
साप्ताहिक बंदी पर बाजार खोलने की मांग ने पकड़ा जोर
साप्ताहिक बंदी पर बाजार खोलने की मांग ने पकड़ा जोर

कारोबार

- इस सोमवार को खुले रहेंगे कई प्रमुख बाजार

-जिला प्रशासन से भी अनुमति देने की मांग तेज

जागरण संवाददाता, मेरठ : त्योहारी सीजन में बाजारों में साप्ताहिक बंदी के दिन भी दुकान खोले जाने की मांग जोर पकड़ रही है। कई बाजारों में साप्ताहिक बंदी का नियम दरकिनार कर दिया गया है। लगातार दुकानें खोली भी जा रही हैं। आने वाले सोमवार को कई प्रमुख बाजारों में दुकानें खोलने को लेकर व्यापारियों ने परस्पर सहमति बना ली है। शहर के अधिकांश बाजार सोमवार को बंद रहते हैं।

सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील दुआ और महामंत्री अमित बंसल ने बताया कि प्रशासन से अपील की गई सोमवार को दुकानें खोले जाने की अनुमति दी जाए। दीपावली की खरीददारी को लेकर ग्राहकों में क्रेज है। ऐसे में सोमवार को बाजार बंद रहने से व्यापारियों को नुकसान होगा।

आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि बाजार भीषण मंदी के दौर से गुजरा है। दीपावली पर आशाएं टिकी हैं। प्रशासन को साप्ताहिक बंदी सोमवार के दिन बाजार खोले जाने की अनुमति देनी चाहिए। इस दिन बाजारों की विशेष साफ सफाई करानी चाहिए।

बेगमपुल व्यापार संघ के महामंत्री पुनीत शर्मा ने कहा कि जिलाधिकारी को साप्ताहिक बंदी के दिन बाजार खोले जाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया है। संयुक्त बाजार संगठन के मुकुल सिघल ने भी पर्व के मद्देनजर बाजारों को साप्ताहिक बंदी के दिन भी बाजारों को खोले जाने की मांग की है।

पीएल शर्मा व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय गोयल ने बताया कि व्यापारी सोमवार को दुकानें खोलने का मन बना चुके हैं। प्रशासन को व्यापारियों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

पैंठ बाजार में साप्ताहिक बंदी सोमवार को होती है। बीते सोमवार को यहां पर बाजार खुला रहा। व्यापारियों ने त्योहारों के मद्देनजर दुकानों को सातों दिन लगातार खोलने का निर्णय लिया है।

सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष किशोर वाधवा ने कहा कि व्यापारी प्रशासन की गाइड लाइन का पूरी ईमानदारी से पालन कर रहे हैं। प्रशासन को व्यापारियों के हितों का ध्यान रखते हुए दुकाने खोले जाने की अनुमति देनी चाहिए।

शास्त्रीनगर जागृति विहार व्यापार संघ के महामंत्री जीतेंद्र अग्रवाल अट्टू ने बताया कि लाकडाउन के दौरान व्यापारियों का काम धंधा ठप रहा है। त्योहार में ग्राहक बाजार में निकला है। ऐसे में साप्ताहिक बंदी रखना नहीं व्यापारियों के लिए हितकर है और न ही ग्राहकों के लिए सुविधाजनक है। अधिकारियों से व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल जल्द साप्ताहिक बंदी के दिन दुकानें खोले जाने की मांग को लेकर मिलेगा।

chat bot
आपका साथी