गगन तक गूंजेगा हर-हर महादेव और बम भोले

महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने व उनकी बहुविधि पूजा अर्चना करने के लिए विभिन्न शिवालयों में जोर-शोर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 20 Feb 2020 08:00 AM (IST) Updated:Thu, 20 Feb 2020 08:00 AM (IST)
गगन तक गूंजेगा हर-हर महादेव और बम भोले
गगन तक गूंजेगा हर-हर महादेव और बम भोले

मेरठ, जेएनएन: महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने व उनकी बहुविधि पूजा अर्चना करने के लिए विभिन्न शिवालयों में जोर-शोर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिरों में रात भर शिव-पार्वती का विवाह उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिरों में विशेष सजावट की जा रही है। शहर के मुख्य मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ने के चलते विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बार महाशिवरात्रि शुक्रवार को है।

औघड़नाथ मंदिर

औघड़नाथ मंदिर में बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर समिति की बैठक हुई। बताया गया कि शुक्रवार को सुबह चार बजे से मंदिर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खुल जाएंगे। मंदिर पूरी रात खुला रहेगा। यहां बैरिकेडिंग का काम चल रहा है। भक्तों का प्रवेश गरुड़द्वार जबकि निकास नंदी द्वार से होगा, जहां से सामान्य दिनों में प्रवेश होता है। मंदिर समिति द्वारा जल चढ़ाने के लिए पात्रों की व्यवस्था की गई है। बैठक में एडीएम सिटी, एसपी सिटी, डा. महेश बंसल, सतीश सिंघल आदि मौजूद रहे। छह मार्च को मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी।

बिल्वेश्वर महादेव मंदिर

सदर बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में सुबह पांच बजे से मंदिर के कपाट खुल जाएंगे। यहां शाम को पांच से सात बजे तक भक्तों का प्रवेश नहीं होगा। पुजारी हरिश्चंद्र जोशी ने बताया कि इस दौरान बाबा का श्रंगार महाकाल स्वरूप में किया जाएगा, उन्हें छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। रात में चार प्रहर का पूजन होगा।

झाड़खंडी महादेव मंदिर

केसरगंज नगर निगम परिसर स्थित झाड़खंडी महादेव मंदिर में कपाट सुबह चार बजे खुल जाएंगे। रुद्राभिषेक होगा, शाम को भजन संध्या होगी। मंदिर समिति के अध्यक्ष डा. सुबोध गर्ग ने बताया कि मंदिर में रात भर पूजा अर्चना होगी।

दयालेश्वर महादेव मंदिर

न्यू मोहनपुरी स्थित बाबा दयालेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार सुबह पांच बजे सामूहिक रुद्राभिषेक होगा। रात्रि एक बजे शिव विवाह का आयोजन होगा। पुजारी श्रवण झा ने बताया कि जिन युवक युवतियों के विवाह में अड़चनें आ रही हों, उन्हें रात्रि में शिवपूजन करना चाहिए।

शिवयोगी मंदिर

शोभापुर हाईवे रोड स्थित शिवयोगी मंदिर में महाशिवरात्रि के पर्व पर विशेष आयोजन होगा। सुबह आठ बजे से पांच कुंडीय यज्ञ होगा। सुनील योगी के सानिध्य में दोपहर 12 बजे से भंडारे का भी आयोजन है।

chat bot
आपका साथी