दुकान के विवाद में खूनी संघर्ष, पथराव में कई घायल

दुकान को लेकर दिन में हुआ विवाद शाम को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Jun 2020 09:00 AM (IST) Updated:Wed, 24 Jun 2020 09:00 AM (IST)
दुकान के विवाद में खूनी संघर्ष, पथराव में कई घायल
दुकान के विवाद में खूनी संघर्ष, पथराव में कई घायल

जेएनएन, मेरठ : दुकान को लेकर दिन में हुआ विवाद शाम को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठी फटकार कर स्थिति को नियंत्रित किया।

कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय वहलीम निवासी मूसा और ओसामा पड़ोसी हैं। दोनों की लालकुर्ती पैठ बाजार में दुकानें भी हैं। कुछ दिन पहले मूसा ने बाजार में ही एक दुकान ली थी। अब ओसामा उसी दुकान को लेने की बात कर रहा है। मंगलवार को दिन में दोनों पक्षों में बाजार में भी कहासुनी हो गई थी। व्यापारियों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। शाम को घर पहुंचने पर फिर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे और पथराव से भगदड़ मच गई। हमलावरों ने मोहल्ले के ही हाजी इकबाल की कार में तोड़फोड़ की। आरोप है कि कई राउंड फायरिग भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठी फटकार कर स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं, कोतवाली प्रभारी देवेश शर्मा का कहना है कि बच्चों के विवाद में मारपीट हुई थी। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। फिलहाल किसी ने तहरीर नहीं दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

घरों में घुसकर तोड़फोड़

घटना पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के घर के पास की है। घटनास्थल से सोहराब गेट चौकी भी महज सौ मीटर की दूरी पर है। वारदात के बाद हमलावरों ने एक-दूसरे के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। समय रहते पुलिस ने मामले को काबू में कर लिया। वहीं, मूसा पक्ष की ओर से यासीन, यामीन, अफफान, मोसिन, वसीम और ओसामा पक्ष से कल्लू, पप्पू, सरफराज और नौशाद घायल हो गए। वाहन चोरी के आरोपित गिरफ्तार

जेएनएन, मेरठ : सिविल लाइन थानाक्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी अब्दुल रहमान सिद्दकी ने बताया कि यादगार चौकी के पास पुलिस ने बाइक सवार फईम पुत्र तस्लीम निवासी सद्दीक नगर थाना लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार किया। फईम की निशानदेही पर पुलिस ने मासूम पुत्र मेहरू निवासी तारापुरी लिसाड़ी गेट को धर दबोचा। दोनों के पास मिली बाइक चोरी की है।

मै पुलिस का मुखबिर हूं : फईम ने पुलिस को बताया कि वह नौचंदी पुलिस का मुखबिर है। नौचंदी थाने में तैनात एक सिपाही ने ही उसे बाइक चलाने के लिए दी थी। वहीं, नौचंदी पुलिस ने फईम की जानकारी होने से इंकार कर दिया।

chat bot
आपका साथी