गंदगी में मना साकेत वासियों का त्यौहार

By Edited By: Publish:Fri, 16 Nov 2012 01:25 AM (IST) Updated:Fri, 16 Nov 2012 01:26 AM (IST)
गंदगी में मना साकेत वासियों का त्यौहार

मेरठ : महानगर की पॉश कालोनी साकेत में दीपावली के बाद भइया दूज का पर्व भी गंदगी के बीच मना। यहां जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे पर सफाई की सुध किसी न नहीं ली। नगर निगम के अफसर भी खामोशी साधे रहे। इसे लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश है।

जब साकेत जैसी पॉश कालोनी में ही नगर निगम नियमित सफाई नहीं करा पा रहा है तो शहर के हालात क्या होंगे इसका अंदाज सहज ही लगाया जा सकता है। हालांकि दैनिक जागरण के सफाई अभियान के दौरान निगम के अफसरों ने वादा किया था कि कालोनी में नियमित सफाई करायी जाएगी और लोगों की दिक्कत का स्थाई हल निकाला जाएगा। यह काम एक दो दिन हुआ भी, लेकिन फिर स्थिति ढाक के तीन पात बन गई। हालत यह रही कि कालोनी वासियों को दीपावली, गोवर्धन और भइया दूज पर्व गंदगी के बीच ही मनाने पड़े।

बन गए कई जगह खत्ते

हालत यह है कि साकेत में कई जगह निगम की उदासीनता के चलते खत्ते बन गए हैं। आईटीआई के सामने पिछले कुछ दिनों से नया कूड़ा घर बना दिया गया गया। हालत यह है कि आसपास के लोग भी यहां कूड़ा डालने लगे हैं। इसके अलावा कमिश्नर आवास के समीप भी नया कूड़ाघर बना दिया गया। साकेत में गोल मार्केट के सामने, धनवंतरी अस्पताल के समीप भी कूड़े के ढेर लगने लगे हैं। नियमित सफाई न होने से यहां के लोगों का रहना दूभर हो गया है।

नहीं होती नियमित सफाई

साकेत में 60 से ज्यादा सफाई कर्मचारियों की तैनाती है, लेकिन ये कहां कार्य करते हैं, किसी को नहीं पता। एकाध मुख्य सड़क को छोड़ किसी पर नियमित सफाई नहीं होती। जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर इस बात की गवाही देने के लिए काफी हैं।

ये कहना है..

साकेत में अब नियमित रूप से सफाई अभियान चलेगा और नये बने खत्तों को हटाया जाएगा।

-राजवीर सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी