वारदातों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जताया रोष

By Edited By: Publish:Sun, 20 Apr 2014 01:51 AM (IST) Updated:Sun, 20 Apr 2014 01:51 AM (IST)
वारदातों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जताया रोष

मेरठ : शहर में वारदातों की बाढ़ से विभिन्न संगठनों में उबाल आ गया है। गंगानगर में एक डॉक्टर की हत्या एवं जिमखाना के पास युवती की लाश मिलने के बाद प्रशासन अब शहरवासियों के निशाने पर आ गया है। कई संगठनों ने वारदातों पर पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए कटघरे में खड़ा किया है। इनरव्हील क्लब शास्त्रीनगर की अध्यक्षा अंजू पांडेय ने कहा कि शहर का कोई भी हिस्सा सुरक्षित नहीं है। महिलाओं से छेड़छाड़ जारी है और पुलिस प्रशासन बेबस है। आरोप लगाया कि पुलिस ने अगर सक्रियता बरती होती, तो डॉक्टर की जान बच सकती थी। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने चौ. चरण सिंह पार्क पर एक सभा कर हत्याकांड की निंदा की। इस दौरान प्रशासन से मांग की गई कि सदमे से गुजर रहे डॉक्टर इंद्रेश के परिवार का गम बांटा जाए। उन्हें राहत राशि भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। वेस्ट यूपी राज्य निर्माण युवा मोर्चा ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जिमखाना में मिली युवती के हत्यारों के धरपकड़ की मांग की। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डा. ज्ञानेन्द्र शर्मा, सुरभि परिवार के दिनेश तलवार एवं एडवोकेट देवशरण शर्मा ने एसपी सिटी से दोनों हत्याकांडों को लेकर पुलिस जांच की रिपोर्ट मांगी। महानगर कांग्रेस कमेटी ने भी शहर में बढ़ते अपराध के लिए प्रशासन को चेताया। कांग्रेस महासचिव मोहम्मद सलीम सिद्दकी ने कहा कि अपराध से सभी वर्ग भयभीत है, जबकि पुलिस खुलासा तक नहीं कर सकी है।

chat bot
आपका साथी