किसानों ने जलाईं कृषि कानूनों की प्रतियां

गोवर्धन में प्रशासन के विरोध के बाद भी परिक्रमा मार्ग पहुंची रैली

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 06:42 AM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 06:42 AM (IST)
किसानों ने जलाईं कृषि कानूनों की प्रतियां
किसानों ने जलाईं कृषि कानूनों की प्रतियां

जेएनएन, मथुरा : कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों को प्रदर्शन जारी है। बुधवार को किसानों ने रैली निकाली और कृषि कानूनों की प्रतियां जलाईं। सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

गोवर्धन में राधाकुंड स्थित सुरभि गोशाला से करीब चार दर्जन ट्रैक्टर पर बैठे सैकड़ों किसानों ने कृषि बिल के विरोध में रैली निकाली। बाइपास के मुखराई मोड़ से ट्रैक्टर का काफिला राधाकुंड की तरफ मुड़ने लगा, तो थाना प्रभारी प्रदीप चौधरी ने रोकने का प्रयास किया। इस पर भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने ट्रैक्टर की स्टेयरिग थामी और राधाकुंड की तरफ काफिला मोड़ दिया। राधाकुंड से जैसे ही परिक्रमा मार्ग में प्रवेश करने लगे तो एसडीएम राहुल यादव, सीओ रविकांत पाराशर ने परिक्रमा में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने और परिक्रमा मार्ग में प्रवेश कर गए। इसके बाद गोवर्धन बस स्टैंड पर प्रशासन ने रैली रोक दी और गोवर्धन में प्रवेश नहीं करने दिया। जिलाध्यक्ष राज कुमार तोमर ने किसानों के साथ मिलकर कृषि सुधार कानून की छाया प्रति जला दी और जमकर नारेबाजी की। उदयवीर सरपंच, लेखराज पहलवान, ब्रजेश पहलवान, गोविदा, जितेंद्र पहलवान, मुकेश प्रधान, मोनू पंडित,राजकुमार चाहर, राजेंद्र यादव मौजूद रहे।

सुरीर: भाकियू के तहसील मांट अध्यक्ष रोहिताश चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को गांव हसनपुर समेत कई गांवों में रैली निकाल कर केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों के काले कानूनों की प्रतियों को आग के हवाले कर विरोध व्यक्त किया गया। ओमप्रकाश सिंह, राजवीर सिंह, शिवा चौधरी, अजीत सिंह मास्टर, चुनमुन चौधरी, धनपाल सिंह समेत भाकियू कार्यकर्ता मौजूद थे। हसनपुर गांव में बेसहारा घूम रहे गोवंश की समस्या को लेकर किसानों की पंचायत हुई। गोवंश की समस्या का समाधान न होने पर रोष व्यक्त करते हुए गोवंश ब्लाक परिसर में बांधने का फैसला लिया गया।

कलक्ट्रेट पर जलाईं प्रतियां

मथुरा: कलक्ट्रेट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी,भारतीय महिला फेडरेशन व आल इंडिया यूथ फेडरेशन तथा आल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन ने प्रदर्शन किया। यहां भी कृषि कानूनों की प्रतियां जलाई गईं। गफ्फार अब्बास, कुलभानु कुमार, राधा चौधरी, उषा शर्मा, जब्बार अब्बास,रवि शर्मा, फतेह सिघवी, इकबाल, इंदु कुमारी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी