अभिनेत्री हेमा को मंदिर में मिली टिकट की जानकारी

भगवान रंगनाथ की पूजा कर रही थी हेमा दिल्ली से आई कॉल ने पूरी की मनोकामना

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Mar 2019 12:44 AM (IST) Updated:Sat, 23 Mar 2019 12:44 AM (IST)
अभिनेत्री हेमा को मंदिर में मिली टिकट की जानकारी
अभिनेत्री हेमा को मंदिर में मिली टिकट की जानकारी

वृंदावन, जासं। सांसद हेमा मालिनी को गुरुवार की शाम जब टिकट मिलने की जानकारी हुई, उस समय वह भगवान रंगनाथ की पूजा अर्चना में तल्लीन थी। दिल्ली से आई कॉल सुनने के बाद वह फिर से रंगजी मंदिर में अपनी पूजा में व्यस्त हो गई। मंदिर से बाहर आते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।

दिल्ली में भाजपा का संसदीय बोर्ड दोपहर बाद टिकटों की माथापच्ची के लिए बैठा, लेकिन सांसद हेमा मालिनी सुबह से ही अपने आवास पर होली खेल रही थी। शाम को वह वृंदावन से मथुरा नगर स्थित भगत सिंह पार्क आई और सार्वजनिक होली मिलन समारोह में शरीक हुई। यहां जब भी कोई उन्हें टिकट की अग्रिम शुभकामना देता तो उनका चेहरा आश्वस्त नजर आ रहा था।

वह शाम छह बजे रंगजी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान रंगनाथ के दर्शन किए और अर्चना की। इसके बाद मंदिर के शीशमहल में पहुंचीं। वह यहां दर्शन कर ही रही थीं कि दिल्ली से आई एक कॉल से उन्हें टिकट फाइनल होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होने अपनी पूजा-अर्चना पूरी की और सीधे ओमेक्स सिटी स्थित आवास आ गई।

यहां पहले से ही उन्हें बधाई देने वालों का आना शुरू हो चुका था। सबसे पहले पहुंचने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष पदम सिंह शर्मा, विधायक कारिदा सिंह रहे। इसके साथ ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। शुक्रवार की सुबह वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। अब वह 24 मार्च को वृंदावन आएंगी और 25 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगी।

chat bot
आपका साथी