त्रिकोणीय प्रेम में की गई थी दुर्वेश की हत्या

दोस्ती में दगा बर्दाश्त नहीं कर पाया आरोपित कुल्हाड़ी से काट डाला दोस्त गिरफ्तार आरोपित ने सुनाई पुलिस को घटना की दास्तान कुल्हाड़ी बरामद।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Dec 2019 11:22 PM (IST) Updated:Thu, 05 Dec 2019 06:10 AM (IST)
त्रिकोणीय प्रेम में की गई थी दुर्वेश की हत्या
त्रिकोणीय प्रेम में की गई थी दुर्वेश की हत्या

संसू कुसमरा: क्षेत्र के गांव हिरोली में हुई एससी युवक दुर्वेश जाटव की हत्या त्रिकोणीय प्रेम संबंधों का परिणाम थी। पुलिस ने घटना का राजफाश कर दिया है। आरोपित को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सोमवार शाम हिरोली निवासी दुर्वेश अपने दोस्त भूरे नट के साथ पास के ही गांव में कथा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, लेकिन घर नहीं लौटे। अगले दिन सुबह दुर्वेश का शव गांव से कुछ दूर खेत में पड़ा मिला। कुल्हाड़ी से काट कर हत्या की गई थी। मृतक के भाई ने गांव के निवासी भूरे नट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। सीओ भोगांव प्रियांक जैन ने बताया कि पकड़े गए आरोपित ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी व मृतक दुर्वेश के साथ गहरी दोस्ती थी। इसके साथ ही एक युवती के साथ उसके प्रेम संबंध भी हैं। वह प्रेमिका से मिलने जाता था तो दुर्वेश को भी साथ ले जाता था। इसलिए दुव्रेश की भी उसकी प्रेमिका से बातचीत होने लगी। कुछ महीने पहले वह प्राइवेट नौकरी करने मुंबई चला गया। दुर्वेश ने उसकी अनुपस्थित का फायदा उठा कर उसकी प्रेमिका के साथ संबंध बना लिए। वह गांव लौटा तो उसे इन संबंधों की जानकारी हुई।

उसने दुर्वेश को अपनी प्रेमिका के साथ संबंध समाप्त करने को कहा तो दुर्वेश मान गया। वह फिर नौकरी करने के लिए मुंबई चला गया, लेकिन दुर्वेश ने उसकी प्रेमिका के साथ संबंध कायम रखे। इस बात पर वह दुर्वेश से काफी नाराज हो गया। उसने मुंबई में ही तय कर लिया था कि यदि दुर्वेश नहीं माना तो वह उसे मौत के घाट उतार देगा।

आरोपित ने बताया कि गांव वापस आने पर उसने दुर्वेश को काफी समझाया कि उसकी प्रेमिका को छोड़ दे, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद उसने हत्या की योजना तैयार की। घटना वाले दिन वह कथा के बहाने से दुर्वेश को घर से बुला ले गया और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है।

chat bot
आपका साथी