Mainpuri By Election 2022: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद माैर्य बोले, पिछड़ों के विरोधी हैं अखिलेश यादव

Mainpuri By Election 2022 भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में किसान सम्मेलन को संबोधित करने मैनपुरी पहुंचे थे केशव प्रसाद मौर्य। बोले मैनपुरी की जनता कमल के फूल का बटन दबाकर उनको जवाब देगी। सपा को वोट देना मतलब गुंडों को वोट देना।

By Dileep SharmaEdited By: Publish:Wed, 30 Nov 2022 04:09 PM (IST) Updated:Wed, 30 Nov 2022 04:09 PM (IST)
Mainpuri By Election 2022: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद माैर्य बोले, पिछड़ों के विरोधी हैं अखिलेश यादव
भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में किसान आंदोलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद।

मैनपुरी, जागरण टीम। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को अखिलेश यादव को पिछड़ा विरोधी करार दिया। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में घिरोर के गोपाल राइस मिल में आयोजित किसान सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव और उनका परिवार समाजवादी नहीं, पिछड़ों के विरोधी हैं। वह अपने अलावा किसी अन्य को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते है। उनको यह मंजूर नहीं कि एक पिछड़ा केशव प्रसाद मौर्य चुनाव हारने के बाद भी दूसरी बार उपमुख्यमंत्री कैसे बन गया। विधानसभा सत्र की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब मैनपुरी की जनता उनके अपशब्दों का जवाब उनको हराकर देगी।

भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में किसान सम्मेलन को संबोधित करने आए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विधानसभा में अखिलेश यादव नेता विपक्ष के रूप में मौजूद थे और मैं उप मुख्यमंत्री के रूप में। वहां बहस में उन्होंने आपा खो दिया। वो सोच रहे थे कि मैं एक मुख्यमंत्री का बेटा रहा हूं, खुद भी मुख्यमंत्री रहा हूं। ऐसे में एक पिछड़ा केशव प्रसाद मौर्य ऐसा कैसे बोल सकता है। उन्होंने जिस भाषा का प्रयोग किया। मैं भी उसी भाषा में जवाब दे सकता हूं, परंतु मेरा संस्कार ऐसा नहीं। अब मैनपुरी की जनता कमल के फूल का बटन दबाकर उनको जवाब देगी। सपा पर हमला बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके समय में जब किसान खेत में मेहनत कर उगाई फसल बेचकर आता था तो उसके रुपये सपा के संरक्षण में पहले वाले गुंडे लूटकर ले जाते थे। जमीनों पर कब्जे करते थे, जबरन बैनामा करा लेते थे। परंतु अब योगी सरकार में किसी में किसान को लूटने की हिम्मत नहीं। केंद्र सरकार सम्मान निधि देकर किसानों को सबल बना रही है। केंद्र व प्रदेश की अनेक योजनाएं किसानाें, गरीबों सहित हर वर्ग को लाभ दे रहीं है। वे लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते थे। हम सबका साथ सबका विकास की बात करतें हैं। सपा को वोट देने का मतलब हैं दंगे को वोट देना। हार के डर से पूरे सैफई परिवार को वोटरों के दरवाजे पर दस्तक देनी पड़ रही है। इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब पूरा सैफई परिवार किसी चुनाव में एक दरवाजे से दूसरे दरवाजे तक घूम रहा है। पूरा सैफई परिवार एकजुट होकर जनता को छलना चाहता है, लेकिन कुछ भी कर लें इस बार कमल खिलना तय है। मैनपुरी ने सबसे ज्यादा इनकी गुंडई देखी है। इस बार लोग विकास के लिए कमल खिलाएंगे। सपा के लोग चुनाव के बाद क्या बहाने बनाएंगे इसकी प्रैक्टिस उन लोगों ने अभी से शुरू कर दी है। 

chat bot
आपका साथी