भाजपा की महिला नेता ने दूसरे दिन भी नहीं दी पुलिस को तहरीर

सपा विधायक पर लगाया था जान से मारने की धमकी देने का आरोप विधायक ने आरोप को छवि खराब करने की साजिश बताया

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 04:05 AM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 04:05 AM (IST)
भाजपा की महिला नेता ने दूसरे दिन भी नहीं दी पुलिस को तहरीर
भाजपा की महिला नेता ने दूसरे दिन भी नहीं दी पुलिस को तहरीर

जासं, मैनपुरी: सदर विधायक राजकुमार यादव पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाने वाली भाजपा नेता सीमा चौहान ने दूसरे दिन भी मामले को लेकर कोतवाली में तहरीर नहीं दी है। घटना को लेकर जिले में कई तरह की चर्चाएं हैं।

भाजपा महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की मंत्री सीमा चौहान ने रविवार को सदर विधायक राजकुमार यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि विधायक ने उन्हें फोन पर गालीगलौज कर जान से मरने की धमकी दी है। उन्होंने अपने वक्तव्य को सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया था। हालांकि घटना को लेकर कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

दूसरे दिन भी भाजपा नेता द्वारा इस मामले को लेकर पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई है। वहीं आरोप को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। लेकिन, नेत्री द्वारा तहरीर न दिए जाने पर अलग-अलग प्रकार के कयास लगा रहे हैं। महिला नेता का कहना है कि घटना को लेकर उनकी बड़े नेताओं से बातचीत हो रही है।

सीमा चौहान के मुताबिक आगरा बाइपास रोड निवासी दो परिवारों के बीच कुछ दिन पहले विवाद हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों की महिलाओं को हिरासत में ले लिया था। इस मामले में उन्होंने समझौता करा दिया था। इसी बात से नाराज होकर विधायक ने उन्हें धमकी दी है। विधायक राजकुमार यादव ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए उन पर झूठे आरोप लगाए गए हैं।

chat bot
आपका साथी